-जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने 900 मीटर लंबे सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का किया निरीक्षण
-5.60 करोड़ रुपये की लागत से 45 मीटर चौड़ी सड़क होगी मजबूत, तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य
-केंद्रीय वर्ज पर 45 लाख की स्ट्रीट लाइट, दोनों ओर भी रोशनी की तैयारी; जाम से राहत की उम्मीद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सड़क सुदृढ़ीकरण का काम तेज कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और आउटर रिंग रोड के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने के लिए जीडीए की ओर से आउटर रिंग रोड तिराहे तक करीब 900 मीटर लंबी और 45 मीटर चौड़ी सड़क को मजबूत किया जा रहा है। शनिवार को जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जीडीए के मुख्य अभियंता आलोक रंजन, अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता सुरजीत कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पूरा पालन कराया जाए तथा काम तय समय सीमा में पूरा किया जाए। जीडीए के अनुसार इस सड़क के सुदृढ़ीकरण पर करीब 5 करोड़ 60 लाख 99 हजार 777 रुपये खर्च किए जाएंगे। काम को तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सड़क तैयार होने के बाद यह मार्ग आने वाले समय में प्रस्तावित आउटर रिंग रोड से जुड़कर महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में विकसित होगा। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि आउटर रिंग रोड और इससे जुड़े संपर्क मार्गों को भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना भी इस परियोजना का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह सड़क राजनगर एक्सटेंशन के आंतरिक क्षेत्रों को आउटर रिंग रोड से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके माध्यम से शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाला यातायात मुख्य आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरने के बजाय आउटर रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया जा सकेगा।
इससे प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। जीडीए अधिकारियों के मुताबिक सड़क के सुदृढ़ीकरण के बाद यह मार्ग भविष्य में आउटर रिंग रोड से सीधे जुड़कर शहर के यातायात नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा। इससे बाहरी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को मुख्य शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों से बचने का विकल्प मिलेगा। परिणामस्वरूप राजनगर एक्सटेंशन समेत आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। नंद किशोर कलाल ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था और अन्य संबंधित कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना पर काम करने के निर्देश दिए, ताकि आउटर रिंग रोड और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम दोनों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाया जा सके।
स्टेडियम तक पहुंचना होगा आसान
राजनगर एक्सटेंशन के मोरटी क्षेत्र में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम आउटर रिंग रोड के नजदीक स्थित है। ऐसे में स्टेडियम तक पहुंचने के लिए इस मार्ग को महत्वपूर्ण संपर्क सड़क के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्टेडियम के निर्माण के बाद यहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बेहतर सड़क संपर्क की जरूरत होगी। जीडीए का प्रयास है कि भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अभी से आधारभूत ढांचा मजबूत किया जाए। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क को इस तरह विकसित किया जाए कि आउटर रिंग रोड और स्टेडियम दोनों से आने-जाने वाले वाहनों को सुगम मार्ग मिल सके। इससे राजनगर एक्सटेंशन में वर्तमान में होने वाले यातायात दबाव और जाम की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।
45 लाख से केंद्रीय वर्ज पर लगेगी रोशनी
सड़क को मजबूत करने के साथ प्रकाश व्यवस्था पर भी जोर दिया जा रहा है। जीडीए की ओर से सड़क के केंद्रीय वर्ज पर करीब 45 लाख रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कराया जा रहा है। इससे रात के समय मार्ग पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सड़क के दोनों किनारों पर भी स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी है। इसके लिए जीडीए द्वारा आगणन तैयार किया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों ओर प्रकाश व्यवस्था का काम शुरू कराया जाएगा। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुदृढ़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था के सभी कार्यों में आपसी समन्वय रखा जाए, ताकि किसी एक काम के कारण दूसरे कार्य में बाधा न आए।

















