नोएडा में 48 नए स्थानों पर लगेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन, हरित परिवहन को बढ़ावा देने में जुटे सीईओ कृष्णा करुणेश

  • चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की दिशा में अथॉरिटी का बड़ा कदम, शहर में 100 स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नोएडा अथॉरिटी ने चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। शहर में 48 नए स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में सोमवार को नोएडा अथॉरिटी और आईटीआई लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इससे पहले 24 सितंबर को अथॉरिटी ने यूपी रिन्यूएबल एंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के साथ 30 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए समझौता किया था। दोनों समझौतों के बाद शहर में कुल 78 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है।

नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश शहर में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में अहम कदम है। इसके साथ ही ईवी बसों के संचालन के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने पर भी ध्यान देना महत्वपूर्ण है, ताकि सार्वजनिक परिवहन को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

100 ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने का लक्ष्य
अथॉरिटी ने नोएडा में कुल 100 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नए स्टेशन बनने से इलेक्ट्रिक कार और दोपहिया वाहन चालकों को शहर के प्रमुख इलाकों में चार्जिंग की सुविधा मिल सकेगी। इससे वाहन चालकों की चार्जिंग संबंधी परेशानी कम होने के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के प्रति लोगों का भरोसा भी बढ़ने की उम्मीद है।

पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों के मुकाबले इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार होने से निजी वाहनों के साथ व्यावसायिक और सार्वजनिक परिवहन में भी इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा।

10 साल के लिए हुआ समझौता
आईटीआई लिमिटेड के साथ किया गया एमओयू 10 वर्ष के लिए है। जरूरत के अनुसार इसकी अवधि आगे बढ़ाई जा सकती है। इस परियोजना की खास बात यह है कि चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का पूरा खर्च संबंधित कंपनी उठाएगी। नोएडा अथॉरिटी की ओर से जमीन और उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना के लिए अथॉरिटी कोई वित्तीय सहायता नहीं देगी।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रत्येक चार्जिंग स्टेशन पर एक साथ दो कारों और एक दोपहिया वाहन को चार्ज किया जा सकेगा। इससे शहर में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मेट्रो स्टेशन से बाजारों तक मिलेगी सुविधा
चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और मेट्रो स्टेशनों को प्राथमिकता दी गई है। प्रस्तावित स्थानों में सेक्टर-16 और सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, नोएडा स्टेडियम की पार्किंग, सेक्टर-18, सेक्टर-50 और सेक्टर-51 के बाजार, शॉप्रिक्स मॉल, लॉजिक्स मॉल तथा एनएमसी अस्पताल के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा सेक्टर-63, 78, 82, 83, 92, 100, 105, 110, 119, 132 और 133 समेत कई अन्य स्थानों पर भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है। इन स्थानों पर सुविधाएं विकसित होने से शहर के अलग-अलग हिस्सों में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग के विकल्प मिल सकेंगे।

ईवी बसों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी जोर
सीईओ कृष्णा करुणेश के नेतृत्व में शहर में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने और पर्यावरण के अनुकूल व्यवस्था विकसित करने की दिशा में इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार महत्वपूर्ण है। ईवी चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क मजबूत होने से इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, ईवी बसों के संचालन के लिए चार्जिंग व्यवस्था, उपयुक्त स्थान और अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास सार्वजनिक परिवहन को स्वच्छ बनाने में मददगार हो सकता है।

नोएडा में 100 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य पूरा होने पर इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को अधिक सुविधाजनक नेटवर्क मिलने की उम्मीद है। इससे शहर में हरित परिवहन को बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने के प्रयासों को मजबूती मिल सकती है।