यीडा के मेडिकल डिवाइसेज पार्क पर फिनलैंड की कंपनी की नजर, निवेश में दिखाई रुचि

  • ऑप्टिनोवा के प्रतिनिधिमंडल ने यीडा अधिकारियों से की मुलाकात, निवेश संभावनाओं पर चर्चा
  • जेवर एयरपोर्ट के पास विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम ने खींचा विदेशी कंपनी का ध्यान
  • मेडिकल डिवाइसेज पार्क को वैश्विक विनिर्माण और नवाचार केंद्र बनाने की तैयारी

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। फिनलैंड की प्रमुख कंपनी ऑप्टिनोवा एशिया पैसिफिक लिमिटेड के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के कार्यालय का दौरा कर सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइसेज पार्क में निवेश की संभावनाओं का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के आसपास तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम में भी व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया से मुलाकात की। इस दौरान भाटिया ने मेडिकल डिवाइसेज पार्क को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया और यहां उपलब्ध विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं, औद्योगिक भूखंडों तथा निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी।भाटिया ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट होने के साथ-साथ यमुना एक्सप्रेसवे और प्रमुख सड़क, फ्रेट एवं मल्टीमॉडल परिवहन नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी यीडा क्षेत्र को वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक बनाती है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के आसपास मेडिकल डिवाइसेज पार्क के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और हैंडीक्राफ्ट पार्क सहित कई विशेषीकृत औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं।

प्रस्तुतीकरण में मेडिकल टेक्नोलॉजी निर्माण, औद्योगिक भूमि, कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर तथा तकनीक आधारित विनिर्माण इकाइयों की स्थापना के अवसरों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। यीडा का उद्देश्य इस क्षेत्र को मेडिकल डिवाइसेज और हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में वैश्विक विनिर्माण एवं नवाचार केंद्र के रूप में विकसित करना है।ऑप्टिनोवा के प्रतिनिधिमंडल ने यीडा क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति, आधारभूत ढांचे और निवेशक-अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए निवेश के अवसरों में गहरी रुचि व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल में बोर्ड की चेयरपर्सन लुईस निकोलिन, चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर एंड्रियास, वाइस प्रेसिडेंट-एपीएसी सुकित, इंडिया कंट्री मैनेजर विजय ठाकुर तथा एप्लीकेशन इंजीनियर शिंटो सेबेस्टियन शामिल रहे।यीडा और ऑप्टिनोवा के बीच हुई यह बैठक फिनलैंड और उत्तर प्रदेश के बीच मेडिकल टेक्नोलॉजी क्षेत्र में निवेश सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे क्षेत्र में यूरोपीय कंपनियों की भागीदारी बढ़ने और मेडिकल डिवाइसेज के क्षेत्र में उच्च-मूल्य विनिर्माण, रोजगार, नवाचार एवं निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।यीडा द्वारा वैश्विक निवेशकों और तकनीकी कंपनियों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उत्तर प्रदेश में हाई-वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग और निर्यातोन्मुख औद्योगिक विकास को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।