गाजियाबाद। होम्योपैथिक डिस्पेंसरी के लिए वार्ड में जीडीए का मकान आवंटन करने की मांग को लेकर मंगलवार को पूर्व पार्षद डॉ मनोज गोयल ने कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा से मुलाकात कर मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र सौंपा। पूर्व पार्षद ने बताया 25/10/1993 को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा चिकित्सा विभाग को सेक्टर एक वैशाली कामना में चार मकान जिनका नंबर 115, 116, 117, 118 है आवंटित किए गए थे। जिससे वहां पर चिक्तिसा विभाग उक्त मकान उपयोग कर होम्योपैथिक डिस्पेंसरी के प्रयोग में ला सकें। मगर चिकित्सा विभाग की लापरवाही से इन भवनों में आज तक कोई भी चिकित्सा का कार्य आरंभ नहीं हो पाया। जिसकी वजह से जीडीए द्वारा 30/10/2010 को इनका आवंटन निरस्त कर दिया गया।
उन्होंने कहा उक्त मकान आज भी खाली है। निवेदन है कि इनको आयुष मंत्रालय के तहत आने वाले होम्योपैथी के इलाज के लिए आवंटित कर दिया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को इसका लाभ मिल सकें। वार्ड में कोई भी सरकारी चिकित्सा की सुविधा नहीं है, अगर यह सुविधा लोगों को मिल जाएगी तो काफी लोगों को इसका लाभ मिलेगा। सरकारी चिकित्सा सुविधा का लाभ लेने के लिए मध्यम परिवार के लोगों को करीब 10 से 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। जिस कारण कई बार लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। क्योंकि इतनी दूर पहुंचने से पहले गंभीर बीमारी से पीडि़त व्यक्ति बीच में ही अपनी सांस छोड़ देता है। आयुष मंत्रालय के तहत आने वाले होम्योपैथी के इलाज के लिए उक्त मकान को आवंटित करने के साथ-साथ चिकित्सा विभाग को चिकित्सा का कार्य शुरु कराने के आदेश दिए जाए। जिससे क्षेत्र के लोगों को सरकारी सुविधा का लाभ मिल सकें।

















