- नगर निगम में विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी विदाई
- स्वच्छता, विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर सक्रिय रही कार्यशैली
- सोमवार को मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का संभाला कार्यभार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम में अपने कार्यकाल के दौरान कार्यशैली और प्रशासनिक सक्रियता की छाप छोडऩे वाले विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। उनके स्थान पर हिमांशु नागपाल ने गाजियाबाद नगर आयुक्त की जिम्मेदारी ग्रहण की है। इससे पहले नगर निगम कार्यालय में विक्रमादित्य सिंह मलिक के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों ने उन्हें फूलों के गुलदस्ते और स्मृति चिह्न भेंटकर भावभीनी विदाई दी।
नगर आयुक्त के रूप में विक्रमादित्य सिंह मलिक की कार्यशैली में सक्रियता, योजनाओं की निगरानी और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर रहा। नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करना और विकास कार्यों की प्रगति पर नजर रखना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा।

शहर की सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, निर्माण कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान जैसे मुद्दों पर निगम की गतिविधियों को गति देने के लिए उन्होंने अधिकारियों के साथ लगातार काम किया। उनके कार्यकाल में निगम के सामने वायु प्रदूषण नियंत्रण, जलभराव, कचरा निस्तारण और बढ़ती आबादी के अनुरूप नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसी चुनौतियां रहीं। इन विषयों पर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा और कार्ययोजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। उनके तबादले के बाद निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

विदाई समारोह में महापौर सुनीता दयाल ने भी विक्रमादित्य सिंह मलिक को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनीन्द्र कुमार, मुख्य अभियंता एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, संपत्ति प्रभारी रेनू सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, जलकल जीएम केपी आनंद, मुख्य वित्त अधिकारी जितेंद्र सिंह यादव, लेखा अधिकारी अनुराग सिंह, मुख्य लेखा परीक्षक विवेक सिंह और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनिरुद्ध, आलोक शर्मा सिंह सहित निगम के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। वहीं, शहर के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी मुलाकात कर नए दायित्व के लिए बधाई दी। सोमवार को मेरठ विकास प्राधिकरण में कार्यभार संभालने के साथ ही विक्रमादित्य सिंह मलिक की नई प्रशासनिक पारी शुरू हो गई।


















