- खेल के मैदान में दिखा हुनर और हौसला, संस्कृति हाउस ने मारी बाजी
- अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रो खिलाड़ी राजेंद्र सिंह नैन ने किया खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन
- तीन दिवसीय खेल समारोह में दौड़, बाधा दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक समेत हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं
- संस्कृति हाउस प्रथम और सद्भावना हाउस द्वितीय स्थान पर रहा, मेधावी खिलाडिय़ों को किया सम्मानित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। खेल का मैदान केवल जीत और हार का मंच नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का माध्यम भी है। इसी संदेश के साथ कविनगर स्थित केडीबी पब्लिक स्कूल में 28, 30 और 31 अक्टूबर को तीन दिवसीय वार्षिक खेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया। ‘जड़ों से जुड़कर नए क्षितिज की ओर’ थीम पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जैवलिन थ्रो खिलाड़ी एवं हरियाणा सरकार के भीम पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र सिंह नैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अनुशासन और गरिमा के साथ हुआ। विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। इसके बाद प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह नैन 82.23 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं।

वह राष्ट्रमंडल खेल 2010 और एशियाई खेल 2010 एवं 2014 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनकी खेल उपलब्धियों ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रेरित किया। प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय की नई शाखा जल्द ही वेव सिटी, गाजियाबाद में शुरू होने जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर और विश्वस्तरीय शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि टाइम्स स्कूल रैंकिंग सर्वेक्षण में विद्यालय ने क्षेत्र में तीसरा और गाजियाबाद में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेलों में भी लगातार अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। जूडो, बैंडी, फुटबॉल, क्रिकेट, तीरंदाजी, चॉकबॉल, ड्रॉप रोबॉल, शूटिंग, एथलेटिक्स और रोलर स्केटिंग जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय, राज्य और अंतर-विद्यालयीय स्तर पर अनेक पदक एवं सम्मान हासिल किए हैं। तीन दिवसीय समारोह के दौरान विद्यार्थियों के बीच विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

इनमें 1500 मीटर, 800 मीटर, 400 मीटर, 200 मीटर और 100 मीटर दौड़ प्रमुख रहीं। इसके अलावा बाधा दौड़, ऑब्स्टेकल रेस, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट, ब्रॉड जंप, लॉन्ग जंप और हाई जंप में भी खिलाडिय़ों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं को कक्षा 6 से 8, कक्षा 9 से 10 तथा कक्षा 11 से 12 के बालक-बालिकाओं के अलग-अलग वर्गों में आयोजित किया गया। इससे विद्यार्थियों को अपनी आयु और क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करने का अवसर मिला। खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समारोह में चार चांद लगाए। प्रेरणादायी मोटिवेशनल सॉन्ग के माध्यम से खिलाडिय़ों में जोश और आत्मविश्वास का संचार किया गया, जबकि माइथोलॉजिकल एक्ट में भारतीय पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह नैन ने विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर खेलों के माध्यम से एकता, सामूहिकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करना लौह पुरुष को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

















