शिक्षक दिवस पर गूंजा गुरु वंदन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की मनमोहक सांस्कृतिक झलक

  • मॉडर्न कॉलेज में भव्य समारोह, गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षक सम्मान का दिया संदेश
  • लघु नाटिका ‘शिक्षक का जीवन’ ने भाव-विभोर किया, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
  • शिक्षक विद्यार्थी के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माता: डॉ. निशा सिंह

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मॉडर्न कॉलेज, मोहन नगर में सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम समिति के तत्वावधान में शनिवार को शिक्षक दिवस का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षक के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद एलएलबी की छात्रा निहारिका ने सरस्वती वंदना और बीएड की छात्रा सिया ने गुरु वंदना प्रस्तुत की। दोनों प्रस्तुतियों से सभागार का वातावरण आध्यात्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से भर गया। एलएलबी की छात्रा कुंज ने स्वागत भाषण के माध्यम से प्राचार्या, सचिव, विभागाध्यक्षों, शिक्षकगण और विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। बीएड की छात्रा सिमरन ने शिक्षक दिवस के महत्व और गुरु की भूमिका पर प्रभावशाली वक्तव्य दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने, सही निर्णय लेने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एलएलबी विद्यार्थियों की लघु नाटिका ‘शिक्षक का जीवन’ रही। नाटिका में शिक्षकों के समर्पण, त्याग, धैर्य और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों के अभिनय ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। प्रस्तुति के दौरान सभागार तालियों से गूंजता रहा और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक प्रगाढ़ हुई।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर (डॉ.) निशा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह विद्यार्थी के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माता होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करने और शिक्षा को जीवन निर्माण का माध्यम बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को और आकर्षक बनाते हुए एलएलबी की छात्राओं कुंज और प्रिया ने मनमोहक युगल नृत्य प्रस्तुत किया। बीएड के छात्र संस्कार ने मधुर गीत सुनाकर सभी का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया।

महाविद्यालय के सचिव विनीत गोयल ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों के प्रति सदैव सम्मान और कृतज्ञता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में एमएड छात्र दुर्गेश ने आभार व्यक्त किया। एमएड की छात्रा निशि तेवतिया और एलएलबी की छात्रा कुंज ने छात्र समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एलएलबी की छात्रा लक्षिता ने कुशल मंच संचालन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर शिक्षकों के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।