- मंत्री ने यूपी पवेलियन में स्थापित यमुना प्राधिकरण के स्टॉल्स व एमएसएमई/ओडीओपी प्रदर्शनी की अवलोकन किया
- यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के स्टाल पर मंत्री का स्वागत वरिष्ठ स्टाफ ऑफिसर नंद किशोर सुंदरियाल ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नई दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम में शुरू हुए अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में यमुना प्राधिकरण की धमक दिखाई दी है। उत्तर प्रदेश दिवस पर यूपी पवेलियन का उद्घाटन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग मंत्री राकेश सचान ने किया। मंत्री ने यूपी पवेलियन में स्थापित यमुना प्राधिकरण के स्टॉल्स व वहां लगे एमएसएमई/ओडीओपी प्रदर्शनी की अवलोकन किया। उन्होंने यमुना प्राधिकरण के कार्यों की प्रशंसा की। कहा कि आज यह प्राधिकरण देश और प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना रहा है। सीईओ आरके सिंह की अगवाई में प्राधिकरण की योजनाएं आगे बढ़ रही है। जल्द ही यहां नोएडा रिपोर्ट का शुभारंभ होने वाला है।
नई दिल्ली में प्रगति मैदान के भारत मंडपम में 44वा अंतराष्ट्रीय व्यापार मेला चल रहा है। यूपी पवेलियन हॉल नंबर 2 में प्रदेश सरकार के अन्य प्राधिकरणों के साथ साथ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का स्टाल भी लगाया गया है। रविवार को प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम मंत्री राकेश सचान पहुंचे। उन्होंने यूपी पवेलियन में स्थापित स्टॉल्स व वहाँ लगे विभिन्न एमएसएमई/ओडीओपी प्रदर्शनी की अवलोकन किया। यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के स्टाल पर मंत्री का स्वागत वरिष्ठ स्टाफ ऑफिसर नंद किशोर सुंदरियाल ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया। मंत्री को प्राधिकरण की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं से अवगत कराय। मंत्री राकेश सचान ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2025 में उत्तर प्रदेश द्वारा पार्टनर स्टेट के रूप में सहभागिता ने इस वर्ष के आयोजन को विशेष पहचान दिलाई है।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ थीम पर आधारित उत्तर प्रदेश पैवेलियन ने न केवल राज्य की बहु-स्तरीय प्रगति को प्रदर्शित किया, बल्कि निवेश, पर्यटन, नवाचार और एमएसएमई विकास में राज्य की बढ़ती क्षमता को भी उजागर किया। उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों, सुधारों और प्रयासों से राज्य आज देश का सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बन गया है। उन्होंने उल्लेख किया कि 140 से अधिक स्टॉलों वाले उत्तर प्रदेश पवेलियन ने ओडीओपी, पारंपरिक हस्तशिल्प, वन-आधारित उत्पाद, आधुनिक तकनीक, नवाचारों, स्थानीय उद्योगों और जिलावार विशिष्ट उत्पादों को केंद्र में रखकर राज्य की विविध आर्थिक शक्ति का जीवंत प्रदर्शन किया। कहा कि आईआईटीएफ-2025 में उत्तर प्रदेश पवेलियन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि हमारा राज्य आज परंपरा, तकनीक, कौशल और नवाचार का सबसे सशक्त संगम है। 140 से अधिक स्टॉलों में प्रदर्शित ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प, एमएसएमई नवाचारों और औद्योगिक प्राधिकरणों की उपलब्धियों ने साबित किया है कि उत्तर प्रदेश न केवल भारत का औद्योगिक इंजन बन रहा है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी नई पहचान स्थापित कर रहा है।
यूपी में निवेशकों के अनुकूल है नीतियां : सचान
सचान ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा लागू किए गए जीएसटी प्लस सुधार, निवेशकों के अनुकूल नीतियाँ, पारदर्शी शासन व्यवस्था और उत्कृष्ट कानून व्यवस्था ने प्रदेश में अभूतपूर्व भरोसा पैदा किया है। इसका परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश देश के सबसे विश्वसनीय निवेश केंद्रों में प्रमुख स्थान पर है। इस वर्ष पवेलियन में दिखाई दी उत्साहपूर्ण भीड़, उद्यमियों का आत्मविश्वास और कारीगरों की रचनात्मकता इस बात का प्रमाण है कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की थीम को सबसे प्रभावशाली रूप में उत्तर प्रदेश ने साकार किया है। यदि भारत के भविष्य के विकास, कौशल और अवसरों की वास्तविक तस्वीर देखनी हो तो वह उत्तर प्रदेश से बेहतर कहीं नहीं दिखती। उन्होंने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा स्थापित औद्योगिक एवं निवेश-केन्द्रित प्रदर्शनों की भी सराहना की, जहाँ प्रदेश की उभरती औद्योगिक टाउनशिप, अत्याधुनिक अवसंरचना, निवेश परियोजनाओं और विशिष्ट आर्थिक क्षेत्रों से सम्बंधित जानकारी को अत्यंत व्यवस्थित और तकनीक-समर्थित तरीके से प्रस्तुत किया गया है।प्राधिकरण स्टाल पर अभिमन्यु सिंह, सहायक प्रबंधक मार्केटिंग भी उपस्थित रहे।
सीईओ आरके सिंह की अगुवाई में बढ़ रही है योजनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण औद्योगिक विकास को रफ्तार देने में निरंतर प्रयासरत है। सीईओ प्राधिकरण की योजनाओं को तेजी से विस्तार दे रहे हैं। बहुत जल्द नोएडा एयरपोर्ट का शुभारंभ होने वाला है। इसके अलावा मेडिकल डिवाइस पार्क भी तेजी से विकसित हो रहा है। प्राधिकरण द्वारा यीडा में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संबंधित जानकारी के साथ साथ अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं यथा सेक्टर २८ व सेक्टर १० में बनने वाले सेमीकंडक्टर पार्क, सेक्टर ११ में प्रस्तावित फिनटेक सिटी, सेक्टर २१ में इब्टरनेशनल फ़िल्म सिटी प्रोजेक्ट, एमएसएमई, टॉय पार्क, अपैरल पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग पार्क आदि से संबंधित सूचना/जानकारी को प्रदर्शित किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में आने वाले आगंतुकों का यीडा प्राधिकरण स्टाल पर बड़ी संख्या में आने का सिलसिला बना हुआ है।


















