राखी पर योगी सरकार का ‘मां’ के नाम तोहफा, 60 पार महिलाओं को रोडवेज में फ्री यात्रा

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ
  • महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता: नरेंद्र कश्यप
  • 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा, गाजियाबाद में 500 महिलाओं ने देखा सीधा प्रसारण

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत बुजुर्ग महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी 75 जनपदों में किया गया। गाजियाबाद में हिन्दी भवन, लोहिया नगर में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई, जहां जिले और आसपास के गांवों से करीब 500 महिलाएं मौजूद रहीं। रक्षाबंधन को देखते हुए प्रदेश सरकार ने माताओं, बहनों और बेटियों के लिए भी विशेष नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा की घोषणा की है। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान महिलाएं अपने मायके और अन्य गंतव्यों तक बिना अतिरिक्त यात्रा व्यय के आवागमन कर सकेंगी। सरकार की इस पहल से रक्षाबंधन पर घर जाने वाली महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गाजियाबाद क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक केएन चौधरी और सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों सहित परिवहन निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप का पुष्पगुच्छ, पौधा भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट ने भाजपा जिलाध्यक्ष का स्वागत एवं सम्मान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के सीधे प्रसारण के दौरान सभागार में महिलाओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम देखा। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने मंच पर 11 महिलाओं सुशीला, मंजू शर्मा, मोनिका, विमल पाल, पिंकी रानी, नेहा, प्रियंका रस्तोगी, पूजा गौतम, पूनम त्यागी, नीतू सिंह और सरिता को उपहार स्वरूप साड़ी और मिठाई का डिब्बा देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य महिलाओं को भी साड़ी और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।

राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन प्रदान करना डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक महिला को पुरुषों के समान अवसर मिलें और वह अपनी प्रतिभा एवं क्षमता के आधार पर समाज में अपनी पहचान स्थापित कर सके। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ कई महिलाओं को आर्थिक कारणों से यात्रा करने में कठिनाई होती है। ऐसे में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देना उनके लिए बड़ी राहत है। इससे बुजुर्ग महिलाएं अपने परिवार और रिश्तेदारों से मिलने के साथ आवश्यक कार्यों के लिए भी आसानी से आवागमन कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सुविधा देने के साथ उन्हें सम्मान और सुरक्षा का वातावरण उपलब्ध कराना भी है। राज्यमंत्री ने महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में अधिक प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 लाया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढऩे से देश और प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका और व्यापक होगी। उन्होंने सरकार की ओर से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस संकल्प का भी उल्लेख किया, जिसमें प्रदेश की प्रत्येक महिला को परिवार के सदस्य की तरह सम्मान और सुरक्षा देने की भावना व्यक्त की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान और उनका कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार चाहती है कि महिलाएं किसी पर निर्भर न रहें और आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी मजबूत भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में योगदान दिया।

क्षेत्रीय प्रबंधक केएन चौधरी सहित गाजियाबाद क्षेत्र के विभिन्न डिपो के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी रही। मंच संचालन परिवहन विभाग के श्री आलोक दास ने किया। रक्षाबंधन के मौके पर शुरू की गई यह पहल खास तौर पर बुजुर्ग महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नि:शुल्क यात्रा की सुविधा से जहां उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं पर्व के दौरान परिवार और रिश्तेदारों तक पहुंचना भी आसान होगा। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने उपस्थित महिलाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और जिले की जनता को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में महिला सम्मान, आत्मनिर्भरता और सुविधा के साथ सरकार की मातृशक्ति के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश प्रमुखता से सामने आया।