निरीक्षण में एडीएम को नदारद मिले डॉक्टर

-डीएम को भेजी गई रिपोर्ट, कार्रवाई की तैयारी

गाजियाबाद। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का परखने और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति का जायजा लेने के लिए निरीक्षण करने के लिए पहुंची एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास को निवाड़ी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और स्टॉफ नदारद मिले। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी ऋतु सुहास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर एवं निवाड़ी स्वास्थ्य केंद्र का शाम को चार बजे औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंची। निवाड़ी स्वास्थ्य केंद्र पर शाम 4 बजे सभी डॉक्टर एवं स्टॉफ वहां से नदारद मिले। एडीएम ने किए निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग भी सही नहीं पाई गई। केंद्र में घास खड़ी होने के साथ बिल्डिंग जर्जर हालत में मिली। वहीं, मुरादनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक मिली। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिले में आमजन को बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे है। मगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की हालत जर्जर है। निवाड़ी स्वास्थ्य केंद्र की हालत खराब होने और डॉक्टर एवं स्टॉफ के नदारद होने पर एडीएम प्रशासन ने जिलाधिकारी को अपनी रिपोर्ट भेज दी हैं। निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास ने मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपस्थित चिकित्सकों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप कोरोना की संभावित तीसरी लहर को दृष्टिगत रखते हुए स्वास्थ्य केंद्र पर पहले से ही समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ताकि तीसरी लहर आने पर सभी कोरोना संक्रमित मरीजों का प्रोटोकॉल के अनुरूप इलाज संभव कराया जा सके। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य को लेकर सरकार की विभिन्न योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का लाभ जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं स्टाफ के द्वारा दृढ़ता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।