किसानों की खुशहाली के लिए कोर्ई कसर नही छोड़ेगी सरकार: अतुल गर्ग
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को 3209 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने मिशन रोजगार युवाओं के साथ योगी सरकार कार्यक्रम के अंतर्गत निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया द्वारा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के नवनियुक्त 3209 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कुछ जिलों के नलकूप चालकों से संवाद किया। जिसका प्रसारण एनआईसी वीडियो कान्फ्रेंन्सिंग हाल में देखने के बाद राजकीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री अतुल गर्ग एवं जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय व मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल द्वारा नवनियुक्त 11 नलकूप चालको को नियुक्त पत्र सौंपकर बधाई दी। 
इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों से बातचीत भी की। मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार की लगातार कोशिशों से किसानों को समय पर खाद-बीज और सिंचाई की सुविधा मिलने लगी है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, पर ड्राप मोर क्रॉप जैसी योजनाओं ने खेती-किसानी को लाभकर बनाया है। सिंचाई व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। नलकूपों के सुगम संचालन के लिए गांवों में बिजली आपूर्ति न होने की समस्या दूर की गई है। यह सब किसान हितों को संरक्षित करने की ही कोशिश है। 
उन्होने कहा खुशहाल किसान, समृद्ध प्रदेश की आधारशिला हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को लेकर प्रदेश एवं केन्द्र सरकार लगातार काम कर रही है। किसानों की खुशहाली के लिए हर कदम उठाये जा रहे हैं। अतुल गर्ग ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से पहली बार नलकूप चालकों के चयन के लिए परीक्षा और फिर प्रशिक्षण कराए जाने की नीति को ऐतिहासिक बताते हुए नलकूप चालकों को खेती का महत्वपूर्ण अंग बताया। पहली बार नलकूप चालक के पद पर महिलाओं के चयन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह महिला नलकूप चालक एक नया इतिहास रच रही हैं। उन्होने नवचयनित सभी नलकूप चालकों को बधाई देते हुए उन्हें जल संरक्षण की सीख भी दी। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियन्ता शैलव एवं नलकूप खण्ड उपस्थित रहे।

















