-मंत्री सुरेश खन्ना ने विभिन्न स्टॉल का किया दौरा
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित दिवाली मेले के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मेला स्थल का भ्रमण करने के साथ स्ट्रीट वेंडरों से अधिक से अधिक दीपावली का सामान खरीदने के लिए वहां आए नागरिकों से अपील की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा पुष्पगुच्छ तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर मंत्री खन्ना का स्वागत व अभिनंदन किया गया।
भाजपा के महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा को भी प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया। दीपावली मेले में आए आगंतुकों को कूड़़े के पृथक्करण के संबंध में प्रस्तुति दी गई, जिससे शहरवासियों को जागरूक किया गया कि वह घर में किस प्रकार अपने हरित कचरे का निस्तारण कर सकते हैं तथा शहर को स्वयं गंदा होने से बचा सकते हैं। साथ शहर की स्वच्छता में सहयोग दे सकते हैं।
दीपावली महोत्सव को और अधिक मनमोहक बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम की प्रस्तुति मंच पर की गई। इसी क्रम में मुंबई के सुप्रसिद्ध गायक आशित त्रिपाठी ने गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनके द्वारा प्रस्तुत गीतों पर दर्शक झूमे और पूरी मस्ती के साथ दीपावली मेले का आनंद लिया। युवाओं के साथ-साथ सभी वर्ग के लोगों ने दीपावली मेले में शिरकत की। महापौर आशा शर्मा द्वारा मेले में विभिन्न स्टॉल पर जाकर खरीदारी की गई। महापौर ने मेले में सहयोग करने पर पार्षदों का भी आभार व्यक्त किया।
विपक्ष को लिया आड़े हाथों
प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान करने के साथ-साथ विपक्ष को आड़े हाथों लिया। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ को एक बार फिर मौका मिलने की बात पर जोर दिया। मंत्री खन्ना ने कहा कि यूपी में सपा सरकार का शासन बेखौफ अपराधियों के लिए मुफीद रहा था। उस वक्त अपराधी खूब मनमानी करते थे, जिससे आमजन को खौफजदा रहना पड़ता था। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था की स्थिति में व्यापक बदलाव आया है। अपराधियों को मनमानी करने की छूट नहीं है। माफिया आज खुद खौफ में हैं। वह माफी मांगते नजर आ रहे हैं। अपराध पर योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति कामयाब रही है। मंत्री खन्ना ने कांग्रेस पर भी हमला बोला।
दमदार नही कांग्रेस का घोषणा पत्र
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत किसी से छुपी नहीं है। विधान सभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने घोषणा पत्र तो जारी कर दिया है, मगर वह किसी काम का नहीं है। यदि कांग्रेस का घोषणा पत्र दमदार होता तो राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पंजाब में नागरिकों को राहत मिल जाती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ का अब तक का कार्यकाल सराहनीय रहा है। अलबत्ता उन्हें दोबारा मौका मिलना चाहिए। खुद गृह मंत्री अमित शाह भी योगी आदित्यनाथ के काम-काज की सराहना कर चुके हैं। मंत्री खन्ना ने कहा कि यूपी में विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सूबे में उद्यमियों को राहत देने को हरसंभव कोशिशें हो रही हैं। उद्यमियों को 5-10 लाख रुपए तक का ऋण भी कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रत्येक जनपद के लिए 100 करोड़ रुपए का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

















