सरकारी अधिकारी पर गाजियाबाद के BJP नेता ने किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती, नेता के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज

गुलावठी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के.के. भड़ाना नोएडा सेक्टर-11 में गत 14 दिसम्बर की रात शादी समारोह में भाग लेने आए थे। वहां भड़ाना के दोस्त की शादी की पार्टी थी। शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के बाद वह वापस लौटने लगे। इस बीच कुछ हथियारबंद व्यक्तियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौच कर मारपीट की गई। विरोध करने पर गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई।

नोएडा। शादी समारोह में शिरकत करने आए नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर के पूर्व अधिशासी अधिकारी (ईओ) के.के. भड़ाना पर जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल भड़ाना को नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने इस प्रकरण में नगर पालिका चेयरमैन रीना भाटी व उनके देवर योगेश भाटी सहित कई आरोपियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की है। के.के. भड़ना फिलहाल जनपद बुलंदशहर की गुलावठी नगर पालिका में बतौर अधिशासी अधिकारी तैनात हैं। भड़ाना की पत्नी चित्रा ने अब जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपनी एवं पति की जान को खतरा बताया है। ईओ भड़ाना का आरोप है कि चेयरमैन के देवर योगेश भाटी थाना खोड़ा से हिस्ट्रीशीटर भी है।

यह भी पढ़े:हर ठेके में कमीशन मांगती है चेयरमैन, खोड़ा नगरपालिका के ईओ ने लगाए गंभीर आरोप

दोस्त के शादी समारोह में पहुंचे थे ईओ
जानकारी के अनुसार गुलावठी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के.के. भड़ाना नोएडा सेक्टर-11 में गत 14 दिसम्बर की रात शादी समारोह में भाग लेने आए थे। वहां भड़ाना के दोस्त की शादी की पार्टी थी। शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के बाद वह वापस लौटने लगे। इस बीच कुछ हथियारबंद व्यक्तियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौच कर मारपीट की गई। विरोध करने पर गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। आरोप है कि नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर की चेयरमैन रीना भाटी के इशारे पर यह सब किया गया। हमलावरों में चेयरमैन रीना भाटी के देवर योगेश भाटी, मोहित भाटी, अनिल जाट, विजय यादव, शिवकुमार शर्मा व राजू खड़खड़ी आदि शामिल थे।

यह भी पढ़े:खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका में फिर से घमासान

मुश्किल से बच सकी जान
इस बीच शोर-शराबा मचने पर वहां एकत्र भीड़ ने के.के. भड़ाना को जैसे-तैसे बचाया। बाद में उन्हें गंभीर हालत में नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। भड़ाना की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मारपीट और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नोएडा जोन के एडीसीपी रणविजय सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांचोपरांत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़े:चेयरमैन की संपत्ति की जांच के लिए सीएम को खत

पत्नी ने प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार
अधिशासी अधिकारी के.के. भड़ाना पर हमला होने के बाद से उनकी पत्नी चित्रा सिंह काफी भयभीत हैं। चित्रा ने जिला प्रशासन से इस मामले में शिकायत कर न्याय एवं सुरक्षा की गुहार लगाई है। चित्रा को अपनी एवं परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है। प्रशासन भी इस प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई के मूड में है।

यह भी पढ़े:चेयरमैन-ईओ के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर

ईओ का आरोप, चेयरमैन का देवर हिस्ट्रीशीटर
अधिशासी अधिकारी के.के. भड़ाना का आरोप है कि चेयरमैन रीना भाटी का देवर योगेश भाटी खोड़ा थाने से हिस्ट्रीशीटर है। योगेश के विरूद्ध पुलिस में कई मामले दर्ज हैं। जानलेवा हमला होने के बाद से भड़ाना भी दहशत में हैं। हालांकि उन्हें उम्मीद है कि पुलिस-प्रशासन उचित कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाएगा।

काफी पुराने हैं मतभदे
चेयरमैन रीना भाटी और अधिशासी अधिकारी के.के. भड़ाना के बीच वैचारिक मतभेद काफी पुराने हैं। नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर में तैनाती के दौरान भी भड़ाना और रीना भाटी में कई मुद्दों पर तनातनी देखने को मिली थी। उस समय भड़ाना को उप्र शासन तक शिकायत करनी पड़ी थी। चेयरमैन की मनमानी के कारण कई माह तक विभागीय कर्मचारियों को वेतन तक के लाले पड़ गए थे।