- प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा की लंबी पारी, शासन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
- रामपुर में एडीएम के बाद यमुना प्राधिकरण में नई भूमिका
- गौतम बुद्ध नगर में एडीएम प्रशासन रहते उद्यमियों, किसानों और आमजन के बीच बनाया बेहतर समन्वय
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा की प्रशासनिक चुनौतियों और क्षेत्रीय परिस्थितियों का है गहरा अनुभव
- गाजियाबाद में एसडीएम से एडीएम तक संभालीं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
- चुनाव प्रबंधन से लेकर मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की निगरानी का है अनुभव
- शांत स्वभाव, त्वरित निर्णय और जनसमस्याओं के समाधान के लिए रहे हैं चर्चित
- अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी के आने से यीडा में विकास और निवेश को नई दिशा मिलने की उम्मीद
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक सूझबूझ और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ अधिकारी डॉ. नितिन मदान अब यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की नई जिम्मेदारी संभालेंगे।शासन द्वारा उन्हें इस महत्वपूर्ण पद पर भेजे जाने से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रही महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं और निवेश पहलों को एक नई गति और दिशा मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। डॉ. नितिन मदान का अब तक का संपूर्ण प्रशासनिक सफर बेहतरीन नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण की एक मिसाल रहा है।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न चुनौतीपूर्ण जिलों में अपनी सेवाएं देते हुए उन्होंने हर पद पर अपनी विशिष्ट और अमिट छाप छोड़ी है। यीडा में आने से ठीक पहले वे रामपुर जिले में अपर जिलाधिकारी के रूप में तैनात थे, जहां उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से धरातल पर उतारने में बेहद सराहनीय काम किया। इससे पूर्व, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) जिले में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद पर रहते हुए डॉ. मदान की कार्यशैली बेहद चर्चित और प्रशंसनीय रही। उद्योगपतियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित करने में उनकी कुशलता बेजोड़ रही।
गौतम बुद्ध नगर जैसे देश के प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्र की जटिलताओं और भौगोलिक स्थिति से भली-भांति परिचित होने का सीधा लाभ अब यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण को मिलेगा। इसके अलावा, बिजनौर में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए भी उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का लोहा मनवाया। गाजियाबाद जिले में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारी से लेकर अपर जिलाधिकारी जैसी जिम्मेदारियों को बेहद मुस्तैदी से निभाया। गाजियाबाद में एडीएम के पद पर रहते हुए डॉ. मदान ने अंतर-विभागीय तालमेल, चुनौतीपूर्ण चुनाव प्रबंधन और विभिन्न मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के पर्यवेक्षण में जो कुशलता दिखाई, उसकी प्रशासनिक हलकों में जमकर तारीफ हुई। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी शांत स्वभाव रहकर तार्किक निर्णय लेना और आम जनता के लिए सदैव सुलभ रहना उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जाता है।
एक विजनरी अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले डॉ. नितिन मदान के यीडा एसीईओ बनने से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और इंटरनेशनल पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की परियोजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी। उनका समृद्ध अनुभव, संवेदनशील दृष्टिकोण और विकासोन्मुख सोच निश्चित तौर पर यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के समग्र विकास और जन-आकांक्षाओं को पूरी करने में मील का पत्थर साबित होगी।

















