भाजपा के खिलाफ सपा पार्षद का अनूठा विरोध

घर के दरवाजे पर लगवा दी नुकीली कीलें

लखनऊ। किसान आंदोलन के समर्थन और भाजपा के खिलाफ वाराणसी में समाजवादी पार्टी (सपा) के पार्षद का अनूठा विरोध सुर्खियों में है। पार्षद ने अपने आवास के बाहर दरवाजे पर नुकीली कीलें लगवा दी हैं। इसके अलावा वहां पोस्टर चस्पा कर भाजपा नेताओं की नो एंट्री का संदेश दिया गया है। पार्षद के इस कदम की सियासी गलियारों में खूब चर्चाएं हो रही हैं। नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर काफी समय से किसान आंदोलन चल रहा है। वहां किसानों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने हाल ही में सड़कों पर कीलें लगवा दी थीं। विपक्षी दल पुलिस के इस कदम का विरोध कर रहे हैं। गाजीपुर बॉर्डर की तुलना बाघा बॉर्डर तक से कर दी गई है। इस बीच वाराणसी में किसानों के समर्थन और भाजपा के विरोध में सपा पार्षद का अनूठा विरोध चर्चाओं में है। पार्षद रविकांत विश्वकर्मा ने अपने घर के मुख्य द्वार पर ठीक उसी प्रकार नुकीली कीलें लगवा दी हैं, जैसी दिल्ली पुलिस ने किसानों के लिए गाजीपुर बॉर्डर पर लगाई हैं। पार्षद ने कीलों के साथ पोस्टर भी चस्पा किया है। पोस्टर पर भाजपा नेताओं के लिए नो एंट्री लिखा है। वाराणसी के मिसिर पोखरा क्षेत्र निवासी सपा पार्षद रविकांत का कहना है कि किसान आंदोलन के खिलाफ जिस प्रकार से भाजपा सरकार ने सड़कों में कीलें लगवाई हैं, उसके विरोध में उन्होंने अपने आवास के द्वार की कीलबंदी की है। पार्षद ने वहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के आने पर पाबंदी लगा दी है। पार्षद का कहना है कि सरकार को किसानों के हित में कदम उठाना चाहिए। सत्ता की ताकत के बल पर किसानों को दबाने की कोशिश गलत है। बता दें कि आंदोलनरत किसानों ने 6 फरवरी को मार्च निकालने की घोषणा की है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने इसका समर्थन किया है।