टप्पल में चला यमुना अथॉरिटी का ‘बुलडोजर’, 30 हेक्टेयर जमीन कब्जामुक्त

  • तीन लाख वर्गमीटर अधिसूचित भूमि पर चला प्रवर्तन अभियान, पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम ने हटाए कब्जे
  • अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जे पर सख्ती, आगे भी जारी रहेगा अभियान

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना औद्योगिक विकास अथॉरिटी ने जनपद अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अथॉरिटी की टीम ने गुरुवार को व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाकर करीब 30 हेक्टेयर यानी तीन लाख वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। मुक्त कराई गई जमीन की कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ अथॉरिटी के भूलेख और प्रोजेक्ट विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

यह अभियान अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार और शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने टप्पल क्षेत्र में अथॉरिटी की अधिसूचित भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराया जा सका।

तीन लाख वर्ग मीटर जमीन कराई कब्जामुक्त
अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान करीब 3,00,000 वर्ग मीटर भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस जमीन पर किए गए अनधिकृत कब्जे और अन्य गतिविधियों को हटाकर भूमि को अथॉरिटी के नियंत्रण में लिया गया। अधिकारियों के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि की बाजार कीमत करोड़ों रुपये में है।

कार्रवाई के दौरान विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह (आईएएस), शिव अवतार सिंह, उप जिलाधिकारी हरी प्रताप सिंह, अभिषेक शाही और कृष्ण गोपाल त्रिपाठी के साथ तहसीलदार मनोज कुमार सिंह समेत अथॉरिटी और राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से भी पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया।

अवैध कब्जे और निर्माण पर अथॉरिटी सख्त
यमुना अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध कब्जा, अनधिकृत निर्माण या बिना अनुमति विकास कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा। अथॉरिटी का कहना है कि क्षेत्र में नियोजित और सुनियोजित विकास के लिए भूमि पर होने वाले अनधिकृत कब्जों को हटाना जरूरी है। अधिकारियों के मुताबिक, अधिसूचित क्षेत्र में जमीन पर नजर रखने के साथ ही अवैध निर्माण और अतिक्रमण की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। अथॉरिटी की ओर से आने वाले समय में भी ऐसे क्षेत्रों में अभियान चलाया जाएगा, जहां सरकारी या अथॉरिटी की जमीन पर अवैध कब्जे की जानकारी सामने आएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
अथॉरिटी ने कहा है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में दोबारा उस पर कब्जा न हो। अथॉरिटी का जोर क्षेत्र में निर्धारित मास्टर प्लान के अनुसार विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाने और अनधिकृत निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण रखने पर है।

अथॉरिटी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। टप्पल क्षेत्र में हुई ताजा कार्रवाई को इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।