IAS हिमांशु नागपाल ने संभाला गाजियाबाद के नगर आयुक्त का चार्ज, बोले- जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर करेंगे काम, शहरहित और जनहित रहेगा सर्वोपरि

साधारण परिवार से निकलकर संघर्ष और मेहनत के दम पर भारतीय प्रशासनिक सेवा तक पहुंचे हिमांशु नागपाल ने सोमवार को गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया। वाराणसी में नगर आयुक्त की जिम्मेदारी निभाने के बाद अब उन्हें गाजियाबाद की कमान सौंपी गई है। सोमवार दोपहर नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचने पर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर आयुक्त का स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के तत्काल बाद नगर आयुक्त ने प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से आयोजित वर्चुअल बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने धूल प्रबंधन और कचरा प्रबंधन को लेकर गाजियाबाद नगर निगम की आगामी योजनाएं साझा कीं। इस दौरान उनके साथ अपर नगर आयुक्त, चीफ इंजीनियर और नगर स्वास्थ अधिकारी भी मौजूद रहे। पीएमओ की बैठक के बाद नगर आयुक्त कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता की और उसके बाद मेयर सुनीता दयाल से शिष्टाचार भेंट की। कार्यभार संभालने के साथ ही अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार है। ऐसे में शहर के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनकी कोशिश रहेगी कि मेयर सहित सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर विकास कार्यों को गति दी जाए। गाजियाबाद महानगर है और यहां की कई बड़ी समस्याएं हैं। इन समस्याओं को कैसे दूर किया जाएगा इसको लेकर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।

विजय मिश्रा (उदय भूमि)
गाजियाबाद। नव नियुक्त नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को कार्यभार संभालने के साथ ही अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार है। ऐसे में शहर के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनकी कोशिश रहेगी कि मेयर सहित सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर विकास कार्यों को गति दी जाए। गाजियाबाद महानगर है और यहां की कई बड़ी समस्याएं हैं। इन समस्याओं को कैसे दूर किया जाएगा इसको लेकर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।
गाजियाबाद नगर निगम में मेयर और नगर आयुक्त के बीच की टकरार जग जाहिर है। ऐसे में मेयर और नगर आयुक्त के बीच संबंधों को लेकर मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर हिमांशु नागपाल ने बेहद सधे हुए अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मेयर की जनता के प्रति जवाबदेही होती है, इसलिए जनप्रतिनिधियों का सम्मान बेहद जरूरी है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य एक ही है कि शहर और जनता के हित में काम किया जाए तथा जनसरोकार से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो।

गौरतलब है कि गाजियाबाद नगर निगम में पूर्व में मेयर और नगर आयुक्त के बीच कई बार विवाद और खींचतान की स्थिति सामने आ चुकी है। कुछ मौकों पर दोनों पक्षों को एक-दूसरे के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस तक करनी पड़ी थी। ऐसे में नए नगर आयुक्त का संवाद और समन्वय पर जोर देना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हिमांशु नागपाल ने कहा कि सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि शासनादेश एवं निर्धारित नियमों के अनुसार काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जब सभी का लक्ष्य जनहित और शहर का विकास है तो विवाद की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। आपसी बातचीत और सहयोग से समस्याओं का समाधान निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर शहर में विकास कार्यों को तेज किया जाएगा। गाजियाबाद को बेहतर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।

सोमवार दोपहर नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचने पर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर आयुक्त का स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के तत्काल बाद नगर आयुक्त ने प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से आयोजित वर्चुअल बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने धूल प्रबंधन और कचरा प्रबंधन को लेकर गाजियाबाद नगर निगम की आगामी योजनाएं साझा कीं। इस दौरान उनके साथ अपर नगर आयुक्त, चीफ इंजीनियर और नगर स्वास्थ अधिकारी भी मौजूद रहे। पीएमओ की बैठक के बाद नगर आयुक्त कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता की और उसके बाद मेयर सुनीता दयाल से शिष्टाचार भेंट की। निगम कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर आयुक्त का फूल और बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनीन्द्र कुमार, अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी रेनू सिंह, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, जलकल जीएम केपी आनंद, मुख्य वित्त अधिकारी जितेंद्र सिंह यादव, लेखा अधिकारी अनुराग सिंह, मुख्य लेखा परीक्षक विवेक सिंह और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनिरुद्ध सिंह आदि मौजूद रहे।

संघर्ष से प्रशासनिक नेतृत्व तक का सफर, 22 वर्ष की उम्र में बने आईएएस, यूपीएससी में हासिल की 26वीं रैंक
साधारण परिवार से निकलकर संघर्ष और मेहनत के दम पर भारतीय प्रशासनिक सेवा तक पहुंचे हिमांशु नागपाल ने सोमवार को गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया। वाराणसी में नगर आयुक्त की जिम्मेदारी निभाने के बाद अब उन्हें गाजियाबाद जैसे बड़े और तेजी से विकसित हो रहे शहर की कमान सौंपी गई है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा महापौर सुनीता दयाल से मुलाकात की। शासन ने वाराणसी के नगर आयुक्त रहे नागपाल को गाजियाबाद की जिम्मेदारी दी है। उनकी कार्यशैली में विकास योजनाओं को गति देने, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रमुखता से शामिल रहा है।

वर्ष 2019 बैच के आईएएस अधिकारी हिमांशु नागपाल अक्टूबर 2025 में वाराणसी के नगर आयुक्त बनाए गए थे। इससे पहले वह वाराणसी में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात रहे। हिमांशु नागपाल को पूरब से लेकर पश्चिम तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में काम करने का अनुभव है।  सहारनपुर जिले की नकुड़ तहसील में सितंबर 2020 से जुलाई 2021 तक एसडीएम रहे। सहारनपुर विकास प्राधिकरण में ओएसडी के पद पर तैनात रहे। कानपुर और जौनपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर काम किया। नगर आयुक्त के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान वाराणसी नगर निगम को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान मिला। स्वच्छता और नदी संरक्षण के क्षेत्र में शहर की उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। इसके अलावा पीएम सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना में वाराणसी को उत्तर प्रदेश में दूसरा और देश में दसवां स्थान प्राप्त हुआ। इन उपलब्धियों के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया।

योजनाओं को जमीन पर उतारने पर रहेगा जोर
हिमांशु नागपाल की प्रशासनिक कार्यशैली में योजनाओं के क्रियान्वयन और परिणाम पर विशेष ध्यान देने की बात सामने आती रही है। वाराणसी में स्वच्छता, नदी संरक्षण और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में हुए कार्य उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे। इससे पहले मुख्य विकास अधिकारी के रूप में उन्होंने कौशल विकास, आजीविका मिशन और पोषण से जुड़े कार्यक्रमों पर काम किया। कानपुर और जौनपुर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में भी वह जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

चर्चाओं में रहा है मिशन मुस्कान
आईएएस अधिकारी बनने के बाद उनका ‘मिशन मुस्कान’ भी चर्चा में रहा। इस पहल के तहत सड़कों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भटकते बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने का प्रयास किया गया। इस काम को सराहना मिली। अब गाजियाबाद में उनके सामने नगर निगम की सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, वायु प्रदूषण नियंत्रण, जल निकासी, सड़क और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई चुनौतियां रहेंगी। शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित क्षेत्रों को देखते हुए निगम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

हिंदी माध्यम से पढ़ाई, संघर्ष के बीच हासिल किया मुकाम
हिमांशु नागपाल मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले के हांसी क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनका परिवार साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है। उन्होंने सरकारी स्कूल में प्राथमिक शिक्षा प्राप्त की है। खास बात यह है कि उन्होंने 12वीं तक हिंदी माध्यम से शिक्षा प्राप्त की। 12वीं में 97 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज से बीकॉम आॅनर्स की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान कई पारिवारिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। इसी दौरान इनके पिता और भाई का आकस्मिक निधन हो गयाद्ध लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने वर्ष 2018 की सिविल सेवा परीक्षा में आॅल इंडिया रैंक 26 हासिल की। महज 22 वर्ष की उम्र में आईएएस बनने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं। अब वाराणसी में अपने कार्यकाल के दौरान मिली उपलब्धियों और अनुभवों के साथ वह गाजियाबाद पहुंचे हैं। शहरवासियों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि उनकी कार्यशैली का लाभ नगर निगम की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को किस तरह मिलता है।