- छठ की आस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी जिम्मेदारी, 75 घाटों पर नगर निगम करेगा विशेष इंतजाम: विक्रमादित्य सिंह मलिक
- हिंडन घाट पर लेजर शो के साथ प्रमुख घाटों को रंगीन रोशनी से सजाने की तैयारी
- पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को समयबद्ध काम पूरा करने के दिए निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। छठ महापर्व को भव्य, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियों को गति दे दी है। शहर में हिंडन नदी के छठ घाट सहित 75 से अधिक घाटों पर इस बार विशेष इंतजाम किए जाएंगे। घाटों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने के साथ आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट की जाएगी। हिंडन नदी छठ घाट पर प्रस्तावित लेजर लाइट शो पर्व की भव्यता में चार चांद लगाएगा। तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक लगातार संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के विभिन्न विभागों ने छठ पर्व की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त ने पूर्वांचल समाज की विभिन्न समितियों और पुरबिया जनकल्याण परिषद के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
उन्होंने सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए हर व्यवस्था समय से पूरी कराना निगम की प्राथमिकता है। नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को घाटों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। नियमित सफाई, कूड़ा उठान और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों और जोनल प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
सभी जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों पर पहुंचकर तैयारियों की निगरानी करेंगे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम का लक्ष्य है कि 75 से अधिक घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
संवाद से तय होंगी व्यवस्थाएं, सुझावों को मिलेगी प्राथमिकता
बैठक में पुरबिया जनकल्याण परिषद की ओर से रीता सिंह, राकेश तिवारी, जय दीक्षित और मनोज ने नगर निगम की ओर से हर वर्ष की जाने वाली व्यवस्थाओं की सराहना की। प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि इस बार सभी प्रमुख छठ घाटों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल मिल सके। नगर आयुक्त ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए प्रकाश विभाग को प्रमुख घाटों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसे लेकर श्रद्धालुओं की भावनाओं और जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। नगर निगम का प्रयास है कि घाटों पर पहुंचने वाले लोगों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
हिंडन घाट पर लेजर शो, रास्तों पर भी होगी रोशनी
इस बार हिंडन नदी छठ घाट पर लेजर लाइट शो की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख घाटों पर भी आकर्षक प्रकाश व्यवस्था होगी। नगर आयुक्त ने वरिष्ठ प्रभारी प्रकाश नरेंद्र कुमार चौधरी को निर्देश दिए कि घाटों के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। विशेष रूप से शाम और रात के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रकाश व्यवस्था को समय से दुरुस्त करने पर जोर दिया गया है। छठ पर्व की तैयारियों में स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी गई है।

नगर आयुक्त
छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि इस पावन अवसर पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। शहर के 75 से अधिक छठ घाटों पर सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। हिंडन नदी घाट पर लेजर लाइट शो के साथ प्रमुख घाटों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी तैयारियां पर्व से पहले पूरी कर ली जाएं। पूर्वांचल समाज की संस्थाओं से मिले सुझावों को भी व्यवस्थाओं में शामिल किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में छठ महापर्व मना सकें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
-विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त।

















