-महापौर सुनीता दयाल के प्रयासों से बड़ा फैसला, स्थानीय नागरिकों ने जताया आभार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। चिरंजीव विहार क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलभराव की गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में आयोजित 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना निधि की बैठक में चिरंजीव विहार के नाले के निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी गई। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और स्थानीय लोगों ने महापौर का आभार व्यक्त किया। कुछ समय पूर्व महापौर सुनीता दयाल वार्ड-56 चिरंजीव विहार में सामुदायिक भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुँची थीं। इसी दौरान स्थानीय नागरिकों ने कच्चे नाले के कारण हर वर्ष बरसात में होने वाले भीषण जलभराव की समस्या से उन्हें अवगत कराया था। बताया गया कि यह नाला चिरंजीव विहार सेक्टर-1, सेक्टर-2 और अवंतिका तक फैला हुआ है, जो बारिश के दिनों में ओवरफ्लो होकर पूरे क्षेत्र को जलमग्न कर देता है।
कई बार दिनभर पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। स्थानीय लोगों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर नाले के पक्के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराया और उसे वित्तीय बैठक में पास कराया। नाले के निर्माण से चिरंजीव विहार में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय पार्षद मनोज त्यागी ने जानकारी दी कि 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह नाला क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से परेशान जनता को इस कार्य से बड़ी राहत मिलेगी और जलभराव की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। इसी उपलक्ष्य में स्थानीय पार्षदों और वरिष्ठ नागरिकों ने महापौर सुनीता दयाल का सम्मान करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे सभी विकास कार्य प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन का परिणाम हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नाले के निर्माण का श्रेय वे स्वयं नहीं, बल्कि क्षेत्र के विधायक अजीत पाल त्यागी को देती हैं। महापौर ने कहा कि जनता का कार्य करना हम सभी भाजपाइयों का कर्तव्य है और आने वाले चुनाव में विधायक को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाना ही उनके लिए सबसे बड़ा धन्यवाद होगा। कार्यक्रम के दौरान रामचंद्र सिंह, अजय गोयल, संदीप त्यागी, राजकुमार शर्मा, महेंद्र गुप्ता, आरडी शर्मा, सुनील कंसल, मनोज मिश्रा, सुनील त्यागी, एसके उप्पल, दिलीप मिश्रा, योगेश वर्मा, अमृता, एसके गुप्ता, हरिहर शुक्ला, एसके सूद, पवन त्यागी, आशीष चौधरी, श्रीचंद यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

















