6 स्वास्थ्य केंद्र किए गए चिन्हित, 3 केंद्र ग्रामीण और 3 केंद्र शहरी क्षेत्र के चिन्हित
गाजियाबाद। जनपद में कोरोना वैक्सीनेशन शुरु होने से पहले पांच जनवरी को सुबह 9 बजे से कोविड-19 वैक्सीन का ड्राई रन चलाया जाएगा। 6 सेंटरों पर ड्राई रन चलेगा। जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने बताया कि जनपद के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में 3-3 सेंटर चिन्हित किए गए हैं। आईटीएस डेंटल कॉलेज मुरादनगर, आईडीटीएस मोदीनगर, सीएचसी लोनी गायत्री हॉस्पिटल लोहिया नगर, जिला महिला अस्पताल और संतोष हॉस्पिटल में ड्राई रन रहेगा। प्रत्येक सेंटर पर वैक्सीनेशन ऑफिसर के अलावा 3 सहयोगियों की तैनाती की जाएगी। इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। वैक्सीनेशन रूम में एक समय में सिर्फ एक व्यक्ति को प्रवेश करने की इजाजत होगी। वैक्सीनेशन एरिया में भीड़ जुटने नहीं दी जाएगी। वहां हाथ धोने और सैनेटाइजेशन की समुचित व्यवस्था रहेगी।
वैटिंग रूम के अलावा ऑब्जरवेशन रूम की भी व्यवस्था होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि यह ड्राइ रन एक तरह से कोरोना वैक्सीनेशन के लिए अंतिम ट्रेनिंग की तरह होगी। इस ड्राइ रन में वैक्सीनेशन के दौरान होने वाली जरूरतों और संभावित परेशानियों का आंकलन किया जाएगा, जिससे जब वैक्सीनेशन शुरु हो तो सामान्य रूप से किया जा सके। जिले में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। चिकित्सा विभाग को इस संबंध में तैयारी कर लेने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि जनपद गाजियाबाद में कोरोना वायरस का प्रकोप अभी थमा नहीं है। कोरोना पॉजिटिव केस आए दिन सामने आ रहे हैं। वैक्सीन स्टोर, वैक्सीनेशन सैंटर्स, कोल्ड चेन और वैक्सीनेशन के लिए स्टाफ का भी चयन कर लिया गया है। इसके साथ ही प्रथम चरण के लिए लाभार्थियों की सूची भी बना ली गई है। दूसरे चरण की सूची 5 जनवरी तक तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। तीसरे चरण के लिए लाभार्थियों को खुद ही आवेदन करना होगा, इसके लिए पोर्टल तैयार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जनवरी में वैक्सीनेशन शुरु होगा और तीन चरणों का वैक्सीनेशन जुलाई के अंत तक पूरा हो सकेगा। फिलहाल पहला चरण शुरु होने से पूर्व जिले में ड्राइ रन चलाया जाएगा।

















