महामाया स्टेडियम में 30 करोड़ के विकास कार्य, खिलाडिय़ों से सीधे रूबरू हुए जनप्रतिनिधि

-सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा और सीडीओ कुमार सौरव ने लिया विकास कार्यों का जायजा
-खिलाडिय़ों ने बताईं समस्याएं, सुविधाओं और प्रशिक्षण को लेकर रखे सुझाव
-गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में काम पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के खिलाडिय़ों को बेहतर और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महामाया स्टेडियम में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मंगलवार को सांसद अतुल गर्ग, शहर विधायक संजीव शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरव ने संयुक्त रुप से महामाया स्टेडियम का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाडिय़ों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, जरूरतों तथा सुझावों को विस्तार से सुना। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को दी। अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम को बेहतर खेल सुविधाओं से लैस करने के लिए विभिन्न स्तर पर काम चल रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर जोर दिया। इस दौरान खिलाडिय़ों ने प्रशिक्षण, अभ्यास की सुविधाओं और अन्य आवश्यकताओं से संबंधित समस्याएं सांसद और विधायक के सामने रखीं। खिलाडिय़ों ने बताया कि बेहतर सुविधाएं मिलने से उन्हें नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण में काफी मदद मिलेगी। जनप्रतिनिधियों ने खिलाडिय़ों की बात सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि गाजियाबाद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जिले के खिलाडिय़ों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। महामाया स्टेडियम को आधुनिक और बेहतर खेल सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि खिलाडिय़ों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए ऐसा वातावरण मिले, जिससे वे अपनी प्रतिभा को और निखार सकें।

उन्होंने कहा कि स्टेडियम की सुविधाओं को बेहतर बनाने का उद्देश्य केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करना नहीं है, बल्कि भविष्य की बड़ी खेल प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए खिलाडिय़ों के लिए बेहतर आधार तैयार करना भी है। गाजियाबाद के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें और बड़ी प्रतियोगिताओं में जिले का मजबूत प्रतिनिधित्व हो, इसी उद्देश्य से खेल सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। महामाया स्टेडियम में हो रहे विकास कार्यों से खिलाडिय़ों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के खिलाडिय़ों में प्रतिभा और मेहनत दोनों हैं। जरूरत केवल उन्हें बेहतर संसाधन और उचित प्रशिक्षण का वातावरण उपलब्ध कराने की है।

विधायक ने बताया कि ओलंपिक में शामिल 31 खेलों में से 24 खेल महामाया स्टेडियम में खेले जाते हैं। यह गाजियाबाद के लिए गौरव की बात है। स्टेडियम में सुविधाओं के विस्तार से इन खेलों से जुड़े खिलाडिय़ों को अभ्यास के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गाजियाबाद के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बनाएं, इसके लिए खेल सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जाएगा। उन्होंने खिलाडिय़ों से संवाद के दौरान उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। खिलाडिय़ों ने प्रशिक्षण, अभ्यास और अन्य सुविधाओं से जुड़ी अपनी जरूरतों के बारे में जानकारी दी। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विकास के साथ खिलाडिय़ों की वास्तविक जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है।

मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरव ने भी स्टेडियम में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की स्थिति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराए जाएं और निर्माण में किसी तरह की लापरवाही न हो। विकास कार्यों को समय से पूरा करने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि खिलाडिय़ों को सुविधाओं का लाभ जल्द मिल सके। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्टेडियम की विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा और खिलाडिय़ों से बातचीत की।

अधिकारियों ने बताया कि करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे विकास कार्य पूरे होने के बाद स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे विभिन्न खेलों के खिलाडिय़ों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी राममिलन, मधु अवस्थी, ऋचा सूद, अरुण चौधरी भुल्लन, मुनेेंद्र, धर्मेंद्र चौधरी, आशुतोष शर्मा, अंकित गुप्ता, संदीप शर्मा, मनोज कांगड़ा सहित बड़ी संख्या में कोच, खिलाड़ी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान खिलाडिय़ों में भी उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टेडियम में चल रहे विकास कार्य जल्द पूरे होने से उन्हें अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।