लखनऊ/गाजियाबाद। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री और भारत सरकार में आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के प्रदर्शनी हॉल में यशोदा मेडिसिटी और यशोदा बायोटेक पार्क के स्टॉल का दौरा किया और निवेश की सराहना की, जो क्वाटरनरी केयर हेल्थकेयर फैसिलिटी और रोजगार के अवसरों के मामले में सीधे यूपी के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का यह भव्य कार्यक्रम लखनऊ में हो रहा है। जिसमें देश और विदेश के नामचीन उद्यमी भाग ले रहे हैं। यशोदा मेडिसिटी में 1200 बेड, 825 करोड़ का निवेश, 4500 कर्मचारी और यशोदा बायोटेक पार्क 300 बेड में 500 करोड़ का निवेश व 2400 कर्मचारी।
मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि योगी सरकार ने सिर्फ 6 वर्ष की अवधि में यूपी का एक्साइज कलेक्शन 14,500 करोड़ से बढ़कर 42,000 करोड़ हो गया। जो कि यह दर्शाता है कि एक ईमानदार, जनहित को प्राथमिकता देने वाली सरकार में कैसे व्यवस्थाएं सुधरती हैं और प्रदेश सरकार का रेवेन्यू बढ़ता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के मैनिफेस्टो में कुछ धार्मिक भावनाएं भी होती हैं। मोदी और योगी ने राम मंदिर निर्माण को लेकर अपने मैनिफेस्टो में कहा था और आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण तेज गति से हो रहा है। उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास बहुत तेजी से किया जा रहा है। सड़क यातायात को सुगम बनाने के लिए हाईवे, एक्सप्रेसवे और रेल सुविधाओं में भारी निवेश किया जा रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास प्रदेश के निवासियों के साथ-साथ निवेशकों के लिए भी बहुत सहायक सिद्ध होता है।
यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, कौशाम्बी के सीएमडी डॉ पीएन अरोड़ा ने दावा किया कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बांनकर उभरा है। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले छह सालों में उन्होंने यूपी की छवि को पूरी तरीके से बदल के रख दिया है। हम विश्व स्तर के हेल्थ सेक्टर, मेडिकल कॉलेज में ज्यादा से ज्यादा लैब की व्यवस्था हो या स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए यूपी सरकार से साझीदारी पर जोर दे रहे हैं। हमारी कोशिश है कि सभी अत्याधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी और दुनिया भर से वैश्विक सर्वोत्तम हेल्थ सेक्टर के साधनों का विकास यूपी में है।

















