इंदिरापुरम ग्रीन बेल्ट से नगर निगम ने हटाया अवैध कब्जा

-महापौर सुनीता दयाल के निर्देश पर जेसीबी से तोड़े गए अवैध गोदाम और दुकानें
-1100 मीटर भूमि की सुरक्षा, शहर हित में भू-माफियाओं पर सख्त संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम की ग्रीन बेल्ट में अवैध रूप से कब्जा कर गोदाम और दुकानें चलाने वालों पर नगर निगम ने शुक्रवार को कड़ी कार्रवाई की। महापौर सुनीता दयाल के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन के माध्यम से ग्रीन बेल्ट की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस कार्रवाई से करीब 1100 मीटर भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये है। रविवार को महापौर ने पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ ग्रीन बेल्ट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में पता चला कि मोमिन, प्रमोद और राजबलिया नामक व्यक्तियों ने जमीन पर कब्जा कर दुकानें, खोखे और नर्सरी चला रखी थीं।

महापौर ने स्पष्ट किया कि ग्रीन बेल्ट की जमीन पर कोई भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में कोई भी प्रयास होने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम की संयुक्त टीम ने उद्यान विभाग, संपत्ति विभाग और वसुंधरा जोन के अधिकारियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई संपन्न कराई। नगर निगम का यह कदम न केवल ग्रीन बेल्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि शहर में भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों को भी एक सख्त संदेश देगा। महापौर ने कहा कि यह जमीन अब सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।