शिवरात्रि पर दूधेश्वरनाथ में उमड़ेगी आस्था, 51 हजार लीटर गंगाजल से होगा अभिषेक

-नगर निगम ने संभाली कमान, 11 टैंकरों से विशेष प्रबंध
-भीड़ नियंत्रण को सख्त इंतजाम, रातभर तैनात रहेंगे अधिकारी
-सफाई, रोशनी और पेयजल की चाक-चौबंद व्यवस्था

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महापर्व महाशिवरात्रि को लेकर नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के प्रमुख शिवालयों में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिसमें मुख्य रूप से प्राचीन दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने यहां 51 हजार लीटर गंगाजल की व्यवस्था कराई है, ताकि जलाभिषेक में किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर आयुक्त के निर्देश पर 11 गंगाजल टैंकर मंदिर परिसर में तैनात किए गए हैं। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि एक समय में लगभग 21 हजार लीटर से अधिक गंगाजल उपलब्ध कराया गया है, जबकि अतिरिक्त 21 हजार लीटर से अधिक गंगाजल की अलग से व्यवस्था रखी गई है, जिसे आवश्यकता पडऩे पर उपयोग में लाया जाएगा। कुल मिलाकर 51 हजार लीटर गंगाजल श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे शिवलिंग पर विधि-विधान से जलाभिषेक किया जा सकेगा।

महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई, प्रकाश और पेयजल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। रात्रि से ही निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिम्मेदारी संभाल ली है और अगले दिन रात्रि तक व्यवस्थाओं पर निगरानी बनाए रखेंगे। मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके। भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए बेरीकेटिंग की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में जोनल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों की व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जलकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौके पर तैनात हैं। सफाई मित्र अभियान के रूप में लगातार कार्य कर रहे हैं, जिससे पूरे आयोजन के दौरान स्वच्छता बनी रहे।

नगर निगम की व्यवस्थाओं को देखकर क्षेत्रवासियों और मंदिर के महंत श्री नारायण गिरी ने निगम टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिस प्रकार से तैयारी की गई है, वह प्रशंसनीय है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। जिम्मेदारी के साथ-साथ श्रद्धा भाव से की जा रही इन तैयारियों से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भक्तगण शांति और सुव्यवस्था के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकें।