24.85 लाख की लूट का पुलिस ने खोला पूरा राज, पांच बदमाश गिरफ्तार; 10.05 लाख बरामद

-500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची बदमाशों तक, मुठभेड़ में दो दबोचे, तीन की गिरफ्तारी से खुली पूरी साजिश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ई-वेस्ट कारोबारी से हुई 24.85 लाख रुपये की लूट का गाजियाबाद पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 10 लाख 5 हजार 310 रुपये, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की है। सोमवार देर रात डासना की ओर चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपी गोली लगने के बाद गिरफ्तार किए गए। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को दबोचकर लूट की साजिश की कई अहम कडिय़ां जोड़ दीं। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने मंगलवार को लूट की घटना का खुलासा करते हुए एसीपी वेवसिटी प्रियाश्री पाल की मौजूदगी में बताया कि 24 अगस्त को हाइटेक कॉलेज के सामने दिल्ली-मेरठ रोड पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने थार को ओवरटेक कर रोक लिया था। तमंचे के बल पर थार सवारों से 24 लाख 85 हजार रुपये की नकदी लूटने के बाद बदमाश फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कई टीमें लगाकर जांच शुरू की और घटनास्थल से लेकर बदमाशों के संभावित भागने के रास्तों तक 500 से 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

पुलिस के अनुसार सद्दाम और अनस को साजिश का मास्टरमाइंड बताया गया है, जबकि आसिफ ने अन्य आरोपियों को योजना में शामिल किया था। गिरफ्तार आरोपियों में कोई ओला चलाता है तो कोई प्लंबर का काम करता है। अलग-अलग काम करने के बावजूद सभी ने मिलकर लूट की योजना तैयार की और उसे अंजाम दिया। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि मामले में छह आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और फरार आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूटी गई बाकी रकम की बरामदगी के प्रयास भी तेज किए जाएंगे। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।

500 से अधिक कैमरों ने खोला बदमाशों का रास्ता
सीसीटीवी फुटेज की लगातार जांच के दौरान पुलिस को बदमाशों के डासना की तरफ जाने का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी। सोमवार देर रात वेव सिटी क्षेत्र के राजा जी रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पीछा किए जाने पर उन्होंने बाइक छोड़ दी और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्थला निवासी 20 वर्षीय सद्दाम और मेरठ के लिसाड़ी गेट निवासी 38 वर्षीय आसिफ के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूट की रकम के पांच लाख रुपये, दो तमंचे, चार कारतूस, चार खोखे और बिना नंबर की बाइक बरामद की।

पांच गिरफ्तार, 10.05 लाख रुपये और स्कॉर्पियो बरामद
मुठभेड़ में सद्दाम और आसिफ की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ और जांच को आगे बढ़ाया। मंगलवार को पुलिस ने आस मोहम्मद, ओसामा और नदीम को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटी गई रकम के 5 लाख 5 हजार 310 रुपये बरामद हुए। इस तरह पांचों आरोपियों से अब तक कुल 10 लाख 5 हजार 310 रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी बरामद कर लिया है। हथियार, बाइक, वाहन और नकदी की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब बरामदगी और पूछताछ के आधार पर लूट की रकम के बाकी हिस्से और वारदात से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

कई दिन की रेकी के बाद रची साजिश, छह बदमाश अभी फरार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि लूट की वारदात अचानक नहीं हुई थी। आरोपियों ने कई दिनों तक पीडि़त पक्ष की गतिविधियों पर नजर रखी थी। पुलिस के अनुसार, पीडि़त पक्ष के चालक और उसके पड़ोसी के बीच जान-पहचान थी। इसी संपर्क का फायदा उठाकर पीडि़त पक्ष के आने-जाने और नकदी से जुड़े लेनदेन की जानकारी जुटाई गई। आरोपियों को पता था कि पीडि़त पक्ष बड़े आर्थिक लेनदेन करता है और अक्सर बड़ी रकम लेकर आता-जाता है। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी आरोपियों ने लूट की कोशिश के लिए रेकी की थी, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी थी। बाद में सही मौका मिलने पर स्कॉर्पियो से थार को ओवरटेक कर रोका गया और तमंचे के बल पर 24.85 लाख रुपये लूट लिए गए।