निगम की महिला पार्षद बैलगाड़ी पर चढ़ करने लगी नारेबाजी, मंहगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल

-अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर कांग्रेसियों ने मार्च निकालकर भाजपा पर बोला हमला

गाजियाबाद। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने जनपद के विभिन्न इलाके में विरोध मार्च निकाल कर सरकार विरोधी नारे लगाए। इस दौरान महिला पार्षद एवं कांग्रेस की पीसीसी सदस्य माया देवी बैलगाड़ी पर जा चढ़ी और भाजपा सरकार के खिलाफ जोर-जोर से नारे लगाने लगी। प्रदेश में शासन करने में असफल रहने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी भाजपा की योगी सरकार से गद्दी छोडऩे को भी कह रहे हैं। एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी विजय चौधरी ने घंटाघर से लेकर चौपला मंदिर तक पैदल मार्च निकालकर अपनी ताकत का अहसास कराया। विजय चौधरी ने कहा भाजपा के कुशासन से समाज का हर वर्ग परेशान है। अगस्त क्रांति दिवस पर यह भाजपा गद्दी छोड़ो आंदोलन उसके कुशासन में आखिरी कील साबित होगा। आजादी कोई घटना नहीं बल्कि लगातार चलने वाला संघर्ष है। हम ज्यों- ज्यों निजी स्वार्थ व भय के गुलाम होते जा रहे हैं, त्यों- त्यों गर्दनों के मोल पर मिली आजादी हमसे छिनती जा रही है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने कहा कि दलितों के साथ देश और प्रदेश में अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं। दिल्ली में 9 साल की बेटी से बलात्कार और उसके बाद हत्या यह दर्शाती है कि देश और प्रदेश में अपराधियों के हौंसले कितने बुलंद हैं। आज महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है। डीजल और पेट्रोल महंगा होने से आम आदमी के उपयोग में आने वाली सभी वस्तुएं महंगी हो गई हैं। बढ़ती महंगाई ने ग्रहणियों की रसोई का बजट बिगाड़कर रख दिया है। रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेन्द्र भारद्वाज ने कहा भाजपा के कुशासन से उत्तर प्रदेश का हर वर्ग दुखी है, निराश है, हताश है, आवारा जानवर से किसान परेशान होकर आत्महत्या करने को मजबूर है, किसानों के लिए खाद, डीजल, बिजली मंहगी मुसीबत बन चुकी है, सरकार पर गन्ना किसानों का 14 हजार करोड़ से अधिक का बकाया है। इस मौके पर ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश सचिव जितेंद्र गौड़ धोबी, शिव कुमार वर्मा, सिराजुद्दीन, डॉ. जफर आलम, इमरान खान, मनोज तायल, मनोज अग्रवाल, राजा खान, पीसीसी सदस्य बीना सेंगर, श्रीचंद दिवाकर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

वार्ड नंबर 6 की पार्षद एवं कांग्रेस की पीसीसी सदस्य माया देवी द्वारा विधानसभा साहिबाबाद (55) के नंदग्राम आश्रम रोड दीनदयाल पुरी में कमर तोड़, महंगाई, बेरोजगारी, जंगलराज, महिला उत्पीडन, किसान दमन के विरुद्ध मार्च किया। माया देवी ने कहा कि अपने क्षेत्र के लोगों का समर्थन देखकर यह स्पष्ट हो गया कि इस दमनकारी सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है। जनता आक्रोशित है, इस सरकार को सबक सिखाने को तैयार बैठी है। जनाक्रोश पदयात्रा में महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, सतीश त्यागी, केके शर्मा, मांगेराम त्यागी, अशोक कुमार, उमेश शर्मा, पूजा चड्डा, समीना खातून, शकुंतला देवी, फरीदा बेगम, लक्ष्मी, राजकुमार आदि लोग उपस्थित रहे।