-नशामुक्त भारत समिट के तहत योग शिविर का आयोजन
गाजियाबाद। संजयनगर स्थित भागीरथ पब्लिक स्कूल प्रांगण में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य मेंभागीरथ सेवा संस्थान द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया। यह योग शिविर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत समिट-2021 के अंतर्गत किया गया।
योग शिविर में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने प्रात: 6 बजे प्रतिभाग किया। योगाचार्य आकाश शर्मा ने सभी को योग कराया एवं योग से होने वाले लाभ के बारे में लोगों को विस्तार से बताया।
योग कराने के दौरान उन्होंने योग शिविर में आये लोगों से विभिन्न प्रकार के योगासन और प्राणायाम से शरीर मे होने वाले बदलाव के बारे में भी चर्चा की। योगाचार्य आकाश शर्मा ने कहा योग को युवा अपने आचरण में शामिल करें। क्योंकि निरोगी काया के लिए प्रति दिन योग आवश्यक है।
कोरोनारोधी महामारी में हमें शारीरिक और मानसिक दोनों ही स्वास्थ्य की आवश्यकता है। मानव शरीर प्रकृति की सबसे उन्नत रचना है और प्रत्येक मनुष्य का यह कर्तव्य है कि वह इसे स्वस्थ रखे। शरीर के सभी अंगों सहित मन और हृदय को हमेशा सक्रिय व फिट रखने का अभ्यास ही योग है।
भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक अमिताभ सुकुल ने कहा कि योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योग हमारे शरीर को रोगमुक्त और स्वस्थ रखता है। उन्होंने सभी से वचन लिया कि आज से योग को प्रतिदिन अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे। योग के बाद सूक्ष्म जलपान में लोगों को अंकुरित चने, मूंग, किशमिश दिया गया।

















