- गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से किसी एक पर योग्य और जनाधार वाले पंजाबी को अवसर देने की मांग
- दशकों से भाजपा और राजग के साथ खड़ा है समाज, राजनीतिक सम्मान की स्वाभाविक अपेक्षा: इंदरजीत सिंह टीटू
- मुख्यमंत्री योगी, प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व समेत सांसदों और विधायकों को भेजा खुला पत्र, आगामी चुनाव में सकारात्मक पहल की उम्मीद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में पंजाबी समाज ने आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की पांच विधानसभा सीटों में से किसी एक पर पंजाबी समाज के योग्य और जनाधार वाले व्यक्ति को अवसर देने की मांग उठाई है। पंजाबी समाज की ओर से इंदरजीत सिंह टीटू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व, जिला प्रभारी, सांसदों और विधायकों के समक्ष खुला पत्र भेजकर समाज को विधानसभा में प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। इंदरजीत सिंह टीटू ने कहा कि पंजाबी समाज का भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ संबंध केवल राजनीतिक नहीं है, बल्कि यह सेवा, राष्ट्रहित, त्याग और भाईचारे की भावना पर आधारित रहा है। सिख धर्म के गुरुओं और उनकी कुर्बानियों के प्रति सम्मान ने भी दोनों पक्षों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज सुख-दुख से लेकर सामाजिक और राजनीतिक स्तर तक हमेशा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ खड़ा रहा है और आगे भी मजबूती से खड़ा रहेगा। इंदरजीत सिंह टीटू ने कहा कि गाजियाबाद के राजनीतिक इतिहास में पंजाबी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वर्ष 1952 और 1967 के बाद स्वर्गीय सरदार तेजा सिंह ने लंबे समय तक पंजाबी समाज का नेतृत्व किया। इसके बाद करीब छह दशक बीत चुके हैं, लेकिन विधानसभा स्तर पर समाज को अपेक्षित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल सका है। ऐसे में अब समय आ गया है कि गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से किसी एक पर पंजाबी समाज के योग्य, कर्मठ और जनाधार वाले व्यक्ति को अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों में विश्वास जताया है। सरकार की योजनाओं और दोनों नेताओं के नेतृत्व की समाज सराहना करता है। ऐसे में समाज की यह स्वाभाविक अपेक्षा है कि उसे भी राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिले। टीटू ने कहा कि पंजाबी समाज की ओर से मुख्यमंत्री, भाजपा के प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व के साथ जिले के प्रभारी, सांसदों और विधायकों के समक्ष यह मांग रखी जा रही है।
उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेतृत्व से आग्रह किया कि पंजाबी समाज की मांग पर गंभीरता से मंथन किया जाए और आगामी विधानसभा चुनाव में समाज को उचित राजनीतिक सम्मान एवं प्रतिनिधित्व देने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाए। उन्होंने कहा कि समाज का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के लिए टिकट मांगना नहीं, बल्कि लंबे समय से राजनीतिक प्रतिनिधित्व से वंचित समाज को उचित अवसर दिलाना है। इसके लिए योग्य, कर्मठ और जनता के बीच सक्रिय रहने वाले व्यक्ति को अवसर दिया जाना चाहिए, ताकि वह समाज के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की आवाज विधानसभा में मजबूती से उठा सके। इंदरजीत सिंह टीटू ने कहा कि पंजाबी समाज भाजपा और राजग के साथ पहले भी मजबूती से खड़ा रहा है और भविष्य में भी रहेगा।
उन्होंने कहा कि समाज देशहित और राष्ट्र की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश के विकास को लेकर विश्वास रखता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का नेतृत्व पंजाबी समाज की भावनाओं और उसकी लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक अपेक्षा को समझते हुए इस मांग पर गंभीर निर्णय करेगा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से किसी एक पर पंजाबी समाज के योग्य व्यक्ति को अवसर मिलना समाज के लिए राजनीतिक सम्मान के साथ-साथ क्षेत्र में उसकी भागीदारी को भी मजबूत करेगा।

















