नगर निगम ने संपत्तियों पर बोर्ड लगाकर सुरक्षित की अपनी जमीन

-सरकारी भूमि कब्जाने वालों पर विभाग करें कड़ी कार्यवाही: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। नगर निगम की शहर में भू-माफियाओं से कब्जा मुक्त कराई गई जमीनों पर अब बोर्ड लगा दिए है। यह बोर्ड लगाकर अब नगर निगम ने अपनी संपत्तियों को सुरक्षित करने का दावा किया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्माण विभाग को बोर्ड लगाए गए संपत्तियों पर तत्काल बाउंड्रीवाल कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बुधवार को नगर निगम के संपत्ति विभाग ने रिक्त भूमि पर नगर निगम का बोर्ड लगा दिए। संपत्ति विभाग द्वारा सिटी जोन तथा मोहन नगर जोन अंतर्गत निगम की रिक्त कराई गई भूमि पर यह बोर्ड लगाए हैं।

सिटी जोन क्षेत्र में यह लगभग 50 करोड़ की भूमि पर नंदग्राम स्थित घूकना के खसरा संख्या-402,सादिक नगर खसरा संख्या-912, नूर नगर के खसरा संख्या-41,सिहानी के खसरा संख्या-36 पर नगर निगम के पीले रंग के बोर्ड स्थाई रूप से लगाए गए हैं। मोहन नगर जोन क्षेत्र में लगभग 50 करोड़ रुपए कीमत की सिकंदरपुर गांव के खसरा संख्या-293 तथा 122 पर भी बोर्ड स्थापित किए गए। संपत्ति विभाग द्वारा बोर्ड लगाए जाने के साथ-साथ निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी को सूचना भी दी गई है।

इन सभी भूमि पर जल्द बाउंड्रीवाल का कार्य शुरू कराया जाएगा। नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम सीमा अंतर्गत  करोड़ों रुपए की सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जा चुका हैं। जमीनों को कब्जा मुक्त कराने के लिए निगम के संपत्ति विभाग द्वारा लगातार अभियान भी चलाया जा रहा है,ताकि सरकारी भूमि पर कब्जा न होने पाए और भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।