-कौशांबी कल्चरल वेलफेयर एसोसिएशन के आयोजन में उमड़े क्षेत्रवासी, बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
-समिति के प्रयासों को सराहा, धार्मिक आयोजन को सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी में मां दुर्गा की आराधना और सांस्कृतिक परंपरा का उत्साह देखने को मिला। कौशांबी कल्चरल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से रविवार को आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सजे आयोजन में बच्चों ने नृत्य और नृत्य-नाटिका की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कौशांबी कल्चरल वेलफेयर एसोसिएशन पिछले करीब 25 वर्षों से क्षेत्र में दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है। वर्षों से जारी यह परंपरा अब क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी पहचान बना चुकी है।
हर वर्ष बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी इस आयोजन में भाग लेकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं और उत्सव की खुशियों को साझा करते हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ पर पार्षद कुसुम गोयल ने आयोजन समिति को दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज में आपसी मेलजोल और एकता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। लंबे समय से इस परंपरा को बनाए रखना समिति की सक्रियता और क्षेत्रवासियों की सहभागिता को दर्शाता है। दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। कौशांबी के बच्चों ने नृत्य और नृत्य-नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उनकी प्रस्तुतियों में उत्साह और रचनात्मकता देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। ऐसे मंच बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोडऩे में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की भागीदारी ने आयोजन के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाया। कार्यक्रम में अरिंदम दास गुप्ता, डीके घटक, विश्वजीत बनर्जी, एसएस हरि, अभिजीत सहा, इंद्रनील सेन, श्रीलेखा घोष, सर्वांगी
नाग, पपिया घटक, करवा के महासचिव विनय महेश्वरी, वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ मिश्रा और वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। दुर्गा पूजा के इस आयोजन ने कौशांबी में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक सहभागिता की भावना को एक मंच पर प्रस्तुत किया। समिति की ओर से करीब ढाई दशक से निभाई जा रही यह परंपरा क्षेत्रवासियों को एक साथ जोडऩे का माध्यम बनी हुई है।

















