• यमुना अथॉरिटी ने तेज किया विकास कार्य, कई सेक्टरों में प्लॉट तैयार
• पहले चरण में दो हजार और दूसरे चरण में चार हजार प्लॉट का लीज प्लान होगा जारी
• लीज प्लान मिलने के बाद रजिस्ट्री कराकर आवंटी ले सकेंगे कब्जा
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी में अपने आशियाने का सपना संजोए करीब छह हजार आवंटियों के लिए राहत की खबर है। वर्षों से प्लॉट पर कब्जे का इंतजार कर रहे आवंटियों को अब जल्द ही उनके प्लॉट मिल सकेंगे। यमुना अथॉरिटी ने आवासीय प्लॉटों के इंटरनल डेवलपमेंट का काम लगभग पूरा कर लिया है। अब अथॉरिटी की ओर से लीज प्लान जारी करने की तैयारी की जा रही है। लीज प्लान जारी होने के बाद आवंटी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर अपने प्लॉट पर कब्जा ले सकेंगे।
यमुना अथॉरिटी ने वर्ष 2009 में 21 हजार आवासीय प्लॉट की पहली बड़ी योजना निकाली थी। योजना में बड़ी संख्या में लोगों को प्लॉट आवंटित किए गए, लेकिन सभी आवंटियों को अब तक प्लॉट पर कब्जा नहीं मिल सका है। किसानों से जमीन के विवाद, विभिन्न न्यायालयों में मामले लंबित रहने और जमीन से जुड़े अन्य मामलों के कारण कई प्लॉटों का विकास कार्य वर्षों तक अटका रहा। इसके चलते आवंटियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
अब अथॉरिटी ने जमीन से जुड़े अधिकांश विवादों को निपटाते हुए प्लॉटों के विकास का काम तेज कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक कई सेक्टरों में आंतरिक विकास कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सेक्टर-18 में करीब 1700 प्लॉट विकसित किए जा चुके हैं। वहीं सेक्टर-20 में करीब 2800 प्लॉट, सेक्टर-16 में 1271 प्लॉट तथा सेक्टर-17 और 17ए में करीब 75 प्लॉटों का विकास कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसके अलावा सेक्टर-22डी में छह प्लॉट भी तैयार किए जा चुके हैं।
अथॉरिटी अब चरणबद्ध तरीके से आवंटियों को कब्जा देने की तैयारी कर रही है। पहले चरण में करीब दो हजार प्लॉटों का लीज प्लान जारी किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में लगभग चार हजार प्लॉटों का लीज प्लान जारी करने की योजना है। लीज प्लान जारी होने के बाद आवंटियों को रजिस्ट्री कराने का मौका मिलेगा। रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने पर वे अपने प्लॉट पर कब्जा ले सकेंगे। इससे खास तौर पर उन आवंटियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो वर्ष 2009 से अपने प्लॉट का इंतजार कर रहे हैं।
औद्योगिक प्लॉट भी कब्जे के लिए तैयार
यमुना अथॉरिटी ने आवासीय प्लॉटों के साथ-साथ औद्योगिक भूखंडों पर भी कब्जा देने की तैयारी शुरू कर दी है। सेक्टर-28, 29, 32 और 33 में करीब 200 औद्योगिक प्लॉटों के लीज प्लान तैयार किए जा चुके हैं। जल्द ही संबंधित आवंटियों को लीज प्लान जारी किए जाएंगे। लंबे समय से औद्योगिक गतिविधियां शुरू करने के लिए प्लॉट पर कब्जे की मांग कर रहे आवंटियों को भी इससे राहत मिलने की उम्मीद है। अथॉरिटी अधिकारियों का कहना है कि प्लॉटों के विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है, ताकि पात्र आवंटियों को जल्द से जल्द कब्जा दिया जा सके। लीज प्लान जारी होने के बाद रजिस्ट्री और कब्जे की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा)
यमुना सिटी में आवासीय आवंटियों को जल्द लीज प्लान जारी करेंगे। प्लॉटों का डेवलपमेंट चल रहा है। जल्द ही यह काम पूरा हो जाएगा। लीज प्लान के बाद आवंटी रजिस्ट्री कराकर कब्जा ले सकेंगे।
— शैलेंद्र भाटिया, एसीईओ, यमुना अथॉरिटी

















