हरीश द्विवेदी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, खब्बू तिवारी की शानदार तैयारी ने अयोध्या में दिखाया दमखम

-बारिश भी नहीं रोक पाई कार्यकर्ताओं का जोश, 21 बुलडोजरों से पुष्पवर्षा और विशाल माला ने स्वागत समारोह को बनाया खास

उदय भूमि संवाददाता
अयोध्या। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन पर सोमवार को रौनाही टोल प्लाजा के पास आयोजित भव्य स्वागत समारोह ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खासा ध्यान आकर्षित किया। गोसाईगंज के पूर्व भाजपा विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और सर्व समाज के लोग घंटों तक स्वागत के लिए डटे रहे। आयोजन की भव्यता, कार्यकर्ताओं की भीड़ और स्वागत के लिए की गई विशेष तैयारियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजकों के अनुसार स्वागत समारोह में करीब 15 से 20 हजार लोग पहुंचे। दोपहर से ही रौनाही टोल प्लाजा के आसपास कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया था। मौसम खराब होने और लगातार बारिश के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। लोग बारिश में भीगते हुए अपने राष्ट्रीय महामंत्री के स्वागत के लिए इंतजार करते रहे।

जैसे ही हरीश द्विवेदी स्वागत स्थल पर पहुंचे, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। करीब दो से ढाई घंटे तक क्षेत्र में उत्साह और भीड़ का माहौल बना रहा। हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद यह उनका पहला अयोध्या आगमन था। ऐसे में उनके स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में पहले से ही उत्साह था। रौनाही टोल प्लाजा पर आयोजित समारोह ने इस उत्साह को भव्य रूप दे दिया। विशाल मंच, हजारों की भीड़, 21 बुलडोजरों से पुष्पवर्षा, एक कुंतल की माला और लगातार बारिश के बीच कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को चर्चा में ला दिया।

हरीश द्विवेदी के स्वागत के बहाने खब्बू तिवारी ने अपने संगठनात्मक कौशल और समर्थकों के बीच सक्रियता का बड़ा प्रदर्शन किया, जिसकी चर्चा अयोध्या के साथ राजनीतिक गलियारों में भी होती रही। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने कहा अयोध्या की धरती पर मिले इस आत्मीय और भव्य स्वागत ने मुझे अभिभूत कर दिया। बारिश के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का डटे रहना भाजपा के प्रति उनके समर्पण और संगठन की मजबूत जड़ों को दर्शाता है। मैं सभी कार्यकर्ताओं और खब्बू तिवारी जी का इस शानदार स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। जिले के जाने माने एवं पूर्व विधायक के छोटे रविन्द्र तिवारी ने बताया कि हरीश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन पर आयोजित भव्य स्वागत समारोह ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया। बारिश के बावजूद हजारों लोगों की मौजूदगी और खब्बू तिवारी द्वारा की गई शानदार व्यवस्थाएं संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और समर्पण को दर्शाती हैं। 21 बुलडोजरों से पुष्पवर्षा और विशाल माला से स्वागत ने समारोह को यादगार बना दिया।

21 बुलडोजरों से पुष्पवर्षा, विशाल माला ने बढ़ाई समारोह की भव्यता
इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी की ओर से हरीश द्विवेदी के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। स्वागत स्थल पर भव्य मंच से लेकर कार्यकर्ताओं के बैठने और स्वागत व्यवस्था तक व्यापक इंतजाम किए गए। समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब 21 बुलडोजरों के माध्यम से पुष्पवर्षा कर हरीश द्विवेदी का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही करीब एक कुंतल वजन की विशाल फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। बुलडोजरों से एक साथ हुई पुष्पवर्षा और उसके बीच खड़े हजारों कार्यकर्ताओं का उत्साह पूरे आयोजन को अलग पहचान देता नजर आया। बारिश के बीच फूलों की बारिश और कार्यकर्ताओं के जयघोष ने वातावरण को पूरी तरह उत्साह से भर दिया।

हरीश द्विवेदी ने भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनके उत्साह के प्रति आभार जताया। पूर्व भाजपा विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी ने बताया हरीश द्विवेदी जी का राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में प्रथम अयोध्या आगमन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं और सर्व समाज के लोगों ने जिस उत्साह के साथ बारिश में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, वह संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हमारा उद्देश्य था कि अयोध्या की धरती पर उनका स्वागत ऐसा हो, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाए। कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सहयोग से यह आयोजन भव्य और ऐतिहासिक बन सका।

बारिश में भी डटी रही भीड़, चर्चा में रही खब्बू तिवारी की सक्रियता
स्वागत समारोह की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि बारिश भी कार्यकर्ताओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। हजारों लोग लगातार कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। खब्बू तिवारी स्वयं स्वागत समारोह की व्यवस्थाओं पर नजर रखते दिखाई दिए और कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उनके नेतृत्व में की गई तैयारियों का असर आयोजन की व्यवस्थाओं और भीड़ के स्वरूप में स्पष्ट दिखाई दिया। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खब्बू तिवारी की सक्रियता और क्षेत्र में उनकी पकड़ को लेकर भी चर्चा होती रही। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समर्थकों और सर्व समाज के लोगों की भागीदारी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि हरीश द्विवेदी जैसे संगठन के वरिष्ठ नेता के स्वागत को लेकर खब्बू तिवारी ने जिस स्तर पर तैयारियां कीं, उसने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।