- रेवती के भाखर और आसपास के इलाकों में संयुक्त टीम की छापेमारी, 800 किलो लहन किया नष्ट
- जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करने के दिए निर्देश
- दुकानों पर अवैध वसूली और निर्धारित समय के बाद बिक्री मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी
उदय भूमि संवाददाता
बलिया। दीपावली के त्योहार पर अवैध शराब की खपत बढऩे की आशंका को देखते हुए बलिया में आबकारी विभाग ने तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में विभागीय टीमें लगातार छापेमारी और दबिश दे रही हैं। गांवों से लेकर संदिग्ध ठिकानों, जंगलों और ईंट-भ_ों तक निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी अभियान के तहत बुधवार को रेवती थाना क्षेत्र के भाखर गांव और आसपास के इलाकों में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 70 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके से लगभग 800 किलोग्राम लहन भी मिला, जिसे नियमानुसार नष्ट कराया गया। इस मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

सभी आबकारी निरीक्षकों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि छोटे स्तर पर अवैध शराब बनाने वालों से लेकर संगठित तस्करी में शामिल लोगों तक किसी को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग का प्रयास है कि त्योहार के दौरान जिले में अवैध शराब की आपूर्ति और बिक्री पूरी तरह रोकी जाए। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि त्योहारों की आड़ में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। विभागीय टीमें दिन-रात सूचना जुटाकर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देंगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें। ऐसी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। विभाग का लक्ष्य दीपावली के दौरान जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के साथ-साथ जहरीली और मिलावटी शराब से होने वाली संभावित घटनाओं को रोकना भी है।
गड्ढों में छिपाकर तैयार कर रहे थे कच्ची शराब
बुधवार को आबकारी निरीक्षक विमलेश कुमार यादव और आजमगढ़ प्रवर्तन दल के आबकारी निरीक्षक बृजगोपाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने रेवती थाना क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम भाखर, रेवती और आसपास के स्थानों पर दबिश दी। टीम ने जंगलों और अन्य संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। इस दौरान अवैध शराब बनाने के लिए छिपाकर रखी गई सामग्री और तैयार कच्ची शराब बरामद हुई। मौके पर मिले करीब 800 किलोग्राम लहन को नष्ट कराया गया, ताकि उससे दोबारा शराब तैयार न की जा सके।
इसके अतिरिक्त संदिग्ध ईंट- भट्ठा पर भी जांच और छापेमारी की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में कुछ तस्कर घरों और खेतों के आसपास गड्ढे खोदकर महुआ से अवैध कच्ची शराब तैयार कर रहे थे। त्योहार के दौरान इसे खपाने की तैयारी थी। हालांकि विभाग की सक्रियता से समय रहते कार्रवाई हो गई। आबकारी टीम ने संदिग्ध स्थानों पर तलाशी लेकर अवैध कारोबार को रोकने की दिशा में कार्रवाई की।
बाहरी राज्यों से आने वाली शराब पर भी नजर
विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है। बाहरी राज्यों से शराब लाकर खपाने की कोशिश करने वालों पर भी विभाग की नजर है। इसके लिए सड़क मार्गों पर सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही लाइसेंसी शराब की दुकानों का भी नियमित निरीक्षण कराया जा रहा है, ताकि निर्धारित नियमों का उल्लंघन न हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अनुज्ञापियों और शराब विक्रेताओं को नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। किसी ग्राहक से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली, अवैध बिक्री या दुकान बंद होने के बाद शराब बेचने का मामला सामने आने पर संबंधित दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने टीम के अधिकारियों को भी चेताया कि अपने क्षेत्रों में निगरानी कमजोर न होने दें और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखें।

















