बाबा केदार के दरबार में पहुंचे नरेंद्र चौधरी, केदार सभा अध्यक्ष से की आध्यात्मिक चर्चा

  • श्री गुरु रविदास अखाड़ा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना
  • केदार सभा अध्यक्ष पंडित राजकुमार तिवारी से मुलाकात कर साझा किए विचार 

उदय भूमि संवाददाता
रुद्रप्रयाग। श्री गुरु रविदास अखाड़ा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेंद्र चौधरी ने गुरुवार को उत्तराखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा केदारनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने केदार सभा के अध्यक्ष पंडित राजकुमार तिवारी से मुलाकात की। दोनों के बीच बाबा केदारनाथ की नगरी की धार्मिक महत्ता, आध्यात्मिक परंपराओं और तीर्थस्थल के महत्व को लेकर चर्चा हुई। दर्शन के बाद नरेंद्र चौधरी ने कहा कि बाबा केदारनाथ के दर्शन करना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और आध्यात्मिक अनुभूति का विषय है।

केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, श्रद्धा और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यहां पहुंचकर मन को अद्भुत शांति और ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु कठिन यात्रा के बावजूद बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यह आस्था और विश्वास ही इस धाम की विशेष पहचान है। केदार सभा के अध्यक्ष पंडित राजकुमार तिवारी ने नरेंद्र चौधरी का स्वागत करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम की अपनी विशिष्ट धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान है। यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आत्मिक शांति का अनुभव करता है।

उन्होंने कहा कि धाम की धार्मिक परंपराओं, मर्यादाओं और पवित्रता को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं को भी यात्रा के दौरान स्वच्छता और धार्मिक अनुशासन का विशेष ध्यान रखना चाहिए। मुलाकात के दौरान नरेंद्र चौधरी और पंडित राजकुमार तिवारी ने केदारनाथ धाम की परंपराओं और धार्मिक गतिविधियों पर विचार साझा किए। नरेंद्र चौधरी ने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थलों से समाज को आध्यात्मिक चेतना, सेवा और सद्भाव का संदेश मिलता है। बाबा केदारनाथ की नगरी में आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हुई। उन्होंने धाम की धार्मिक गरिमा और परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना भी की। इस अवसर पर आचार्य संजय तिवारी, सुमित चाकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।