- अटेवा प्रतिनिधिमंडल ने लोनी के एसडीएम से की मुलाकात, दीपावली की शुभकामनाएं देकर किया सम्मानित
- रविवार और राजपत्रित अवकाश पर ड्यूटी करने वाली महिला कर्मचारियों को मिले अतिरिक्त अवकाश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अटेवा की जिला कार्यकारिणी ने लोनी के उपजिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक सिंघलवाल से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें अटेवा सम्मान से सम्मानित किया। साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लगे बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और पर्यवेक्षकों की समस्याओं को उठाते हुए विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। संगठन ने विशेष रूप से रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिन ड्यूटी करने वाली महिला शिक्षक एवं कर्मचारियों को उसके बदले प्रतिकर अवकाश देने की मांग की।
अटेवा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि उपजिलाधिकारी दीपक सिंघलवाल ने संगठन के पदाधिकारियों को मुलाकात के लिए शाम पांच बजे का समय दिया था। निर्धारित समय पर प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ ही संगठन की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।
मुलाकात के दौरान बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्वाचन संबंधी कार्यों के दौरान आ रही परेशानियों और उनकी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मनीष कुमार शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें बीएलओ और पर्यवेक्षक पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभा रहे हैं। कई बार रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिनों में भी उन्हें बूथ पर उपस्थित रहकर कार्य करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में कर्मचारियों को उनके अतिरिक्त कार्य के बदले प्रतिकर अवकाश दिया जाना चाहिए। विशेषकर महिला शिक्षक और कर्मचारियों के मामले में इस मांग पर गंभीरता से विचार होना जरूरी है, क्योंकि उन्हें पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ विभागीय और निर्वाचन संबंधी दायित्व भी निभाने पड़ते हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अवकाश के दिन ड्यूटी लगाने पर कर्मचारियों को उसके बदले अवकाश मिलना उनका उचित अधिकार है। इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे बिना अतिरिक्त दबाव के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे। संगठन ने मांग की कि रविवार अथवा राजपत्रित अवकाश के दिन बूथ पर कार्य करने वाले बीएलओ और पर्यवेक्षकों को नियमानुसार प्रतिकर अवकाश उपलब्ध कराया जाए। महिला कर्मचारियों को इस मामले में विशेष राहत मिलनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से बीएलओ और पर्यवेक्षकों की अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की।
इस पर उपजिलाधिकारी दीपक सिंघलवाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि वह इस विषय को जिलाधिकारी के समक्ष रखकर कर्मचारियों को प्रतिकर अवकाश दिलाने के लिए प्रयास करेंगे। अटेवा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के अधिकारों और उनकी सुविधाओं के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द उचित निर्णय लेगा। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार चौहान, जिला प्रवक्ता अजय गहलोत, लोनी ब्लॉक अध्यक्ष पारस गोस्वामी और ब्लॉक संगठन मंत्री विकास कुमार शर्मा मौजूद रहे।

















