- जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर कई स्थानों पर एक साथ जांच और दबिश, दुकानों पर भी कड़ी निगरानी
- निर्धारित समय के बाद दुकान खुली मिली तो होगी कार्रवाई, हर बिक्री दर्ज करने के निर्देश
- मोहनलालगंज में 20 लीटर कच्ची शराब बरामद, 250 किलो लहन मौके पर किया नष्ट
उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी है। जिला आबकारी अधिकारी लखनऊ करुणेन्द्र सिंह सचान के पर्यवेक्षण में गुरुवार को आबकारी टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शराब की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण करने के साथ ही संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान दुकानदारों को निर्धारित नियमों के अनुसार बिक्री करने और किसी भी तरह की अनियमितता नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। वहीं मोहनलालगंज क्षेत्र में की गई दबिश के दौरान 20 लीटर अवैध कच्ची शराब और करीब 250 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह सचान ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर विभाग की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आबकारी निरीक्षक रेखा श्रीवास्तव के नेतृत्व में सेक्टर तीन के अंतर्गत थाना गाजीपुर और इंदिरानगर क्षेत्र की शराब दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। टीम ने देशी शराब दुकान मोहम्मदीपुर रसूलपुर, देशी शराब दुकान अमराई गांव तथा अमराई गांव स्थित मिश्रित शराब दुकान और कोइली का पुरवा क्षेत्र की दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकान पर मौजूद विक्रेताओं को निर्धारित समय के अनुसार ही दुकान संचालित करने के निर्देश दिए गए। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चौबीसों घंटे चालू रखने और उनकी निगरानी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। टीम ने विक्रेताओं को दुकानों पर अधिक से अधिक निर्धारित ब्रांड उपलब्ध रखने के साथ ही बिक्री की प्रत्येक प्रक्रिया को बिक्री केंद्र मशीन के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिक्री केंद्र मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा दुकानों के सामने अथवा आसपास अवैध रूप से मदिरापान कराने पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक संजय पाण्डेय ने सेक्टर 12 के अंतर्गत थाना कृष्णानगर और आशियाना क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम ने बंगला बाजार स्थित देशी शराब दुकान, उसरी स्थित देशी शराब दुकान, बंगला बाजार की दोनों मिश्रित शराब दुकानों तथा आशियाना स्थित आदर्श शराब दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं को निर्धारित समय पर दुकान खोलने और बंद करने, सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने तथा सभी निर्धारित ब्रांडों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दुकानों पर बिक्री केंद्र मशीन के जरिए शत-प्रतिशत बिक्री करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही दुकान के बाहर या आसपास किसी भी व्यक्ति को अवैध रूप से शराब पिलाने की अनुमति नहीं देने की चेतावनी दी गई।

आबकारी विभाग की टीमों ने दुकानदारों को स्पष्ट कर दिया कि त्योहारों के दौरान शराब की मांग बढऩे के कारण नियमों की अनदेखी करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह सचान ने कहा कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी। अवैध शराब का निर्माण, बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। शराब की दुकानों पर नियमों का उल्लंघन, निर्धारित समय के बाद संचालन, बिक्री में गड़बड़ी या दुकान के आसपास अवैध मदिरापान की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि वैध दुकानों की बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। सभी विक्रेता बिक्री केंद्र मशीन से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करें और सीसीटीवी व्यवस्था हर समय चालू रखें। त्योहारों की आड़ में नियम तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में छूट नहीं दी जाएगी।
मोहनलालगंज में कच्ची शराब के ठिकाने पर दबिश
आबकारी निरीक्षक रामश्याम त्रिपाठी के नेतृत्व में क्षेत्र तीन के अंतर्गत मोहनलालगंज, नगराम, निगोहां और पीजीआई थाना क्षेत्रों में भी अभियान चलाया गया। टीम ने मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के इंद्रजीत खेड़ा गांव में संदिग्ध घरों, बगीचों और तालाब के किनारे स्थित संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 20 लीटर अवैध कच्ची शराब और 250 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। कार्रवाई के दौरान प्रधान आबकारी सिपाही प्रदुमन श्रीवास्तव, अजीत पाल सिंह तथा आबकारी सिपाही दीपिका और सुजीत कुमार मौजूद रहे।

















