गांधी जयंती पर रघुपति राघव राजा राम… से गूंजा नगर निगम मुख्यालय, महापुरुषों को किया नमन

-157 घंटे के महासफाई अभियान का समापन; सफाई मित्रों, विद्यार्थियों और सहयोगी संस्थाओं का सम्मान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय देशभक्ति और स्वच्छता के संदेश से गूंज उठा। नगर निगम मुख्यालय में महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान निगम अधिकारियों, पार्षदों, कर्मचारियों और अन्य उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय और जय हिंद के नारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका बालिका विद्यालय, चंद्रपुरी की छात्राओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ की प्रस्तुति से की। इसके बाद महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वयं स्वच्छता के नियमों का पालन करने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर जागरूक नागरिक लगातार नगर निगम का सहयोग कर रहे हैं और इसी सहभागिता को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का सम्मान वास्तव में पूरे शहर का सम्मान है।

कार्यक्रम में महापौर और नगर आयुक्त ने सभी शहरवासियों को गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों और पार्षदों ने स्वच्छ एवं सुंदर गाजियाबाद के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति के नारों के साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ नागरिकों को जोडऩे और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। इस दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनीन्द्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार, जलकल जीएम केपी आनंद, अकाउंट ऑफिसर अनुराग सिंह, मुख्य लेखा परीक्षक विवेक सिंह आदि मौजूद रहे।

100 वार्डों में चला महासफाई अभियान, 100 से अधिक कूड़ा स्थलों का बदला स्वरूप
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम मुख्यालय के साथ ही शहर के पांचों जोन में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में शहर में चलाए गए 157 घंटे के महासफाई अभियान का भी समापन हुआ। यह अभियान 17 सितंबर को राजेंद्र नगर से शुरू किया गया था। अभियान के तहत शहर के सभी 100 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने ऐसे 100 से अधिक स्थानों को चिह्नित कर वहां जमा कूड़े को हटाया, जहां लंबे समय से लोग कूड़ा डालते थे।

इन स्थानों की सफाई के साथ उनका सौंदर्यीकरण भी किया गया, जिससे सार्वजनिक स्थलों का स्वरूप बदला। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने का कार्य केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। नगर निगम की सफाई टीम प्रतिदिन शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी है। इसमें पार्षदों के साथ-साथ शहरवासियों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। निगम का प्रयास है कि स्वच्छता अभियान को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे नागरिकों की नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाया जाए।

सफाई मित्रों, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं को किया सम्मानित
महासफाई अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सफाई मित्रों, छात्र-छात्राओं, शहरवासियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को गांधी जयंती के अवसर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। निगम अधिकारियों ने कहा कि सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उनके नियमित प्रयासों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था संचालित होती है। वहीं अभियान में विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से आम लोगों के बीच भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी।

कार्यक्रम के दौरान महापौर सुनीता दयाल ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि घर की तरह शहर को स्वच्छ रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नगर निगम की टीम घर-घर से कूड़ा एकत्र कर रही है, लेकिन कूड़े का उचित निस्तारण और सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करना नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता तभी कायम रह सकती है, जब इसमें हर नागरिक की भागीदारी हो।