-
ऑनलाइन बुकिंग लेकर आसपास के क्षेत्र में स्कूटी से शराब पहुंचाने वाला युवक गिरफ्तार, 32.5 बल्क लीटर बीयर बरामद
-
हरियाणा से आने वाले वाहनों पर भी तड़के चार बजे से निगरानी, आबकारी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप
-
अवैध शराब के कारोबार पर किसी भी स्तर पर नहीं होगी ढिलाई: सुबोध कुमार श्रीवास्तव
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। प्रदेश में भले ही गांधी जयंती पर अवकाश रखा गया हो, मगर प्रदेश के आबकारी विभाग में तैनात अधिकारी और उनकी टीम के लिए यह अवकाश और चुनौतीपूर्ण बन जाता है। गांधी जयंती पर प्रदेश में शराब की दुकानें पूर्ण रुप से बंद है और इसी का फायदा उठाने के लिए माफिया या तो बाहर की शराब बेचते है या फिर एक दिन पहले ही लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीद कर स्टॉक कर लेते है। जिसे बंदी के दिन दो से तीन गुना अधिक दामों में बेचते है। ऐसे ही एक तस्कर को आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया है। जो यूपी और हरियाणा की बीयर को ऑनलाइन डिलवरी करता था। फोन पर ऑर्डर मिलते ही रात के अंधेरे में सप्लाई करने निकल जाता था। मगर एक अक्टूबर की रात उसके लिए सबसे बड़ी काली रात के रुप में उभर कर आई। नोएडा जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। रात के अंधेरे से लेकर तड़के सुबह तक चल रहे इस अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक दीनेन्द्र सिंह और थाना सेक्टर-126 पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को अवैध रूप से बीयर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
उसके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 32.5 बल्क लीटर बीयर बरामद हुई। गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि को संयुक्त टीम ने गढ़ी शाहपुर गांव के सामने पुस्ता रोड, सेक्टर-131 के पास कार्रवाई की। यहां शिवम पुत्र मुरलीधर दास को पकड़ा गया। विभाग के मुताबिक वह स्कूटी के माध्यम से आसपास के क्षेत्र में ग्राहकों को बीयर उपलब्ध कराता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्राहकों से संपर्क कर शराब की आपूर्ति करने का काम किया जा रहा था। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से वुडवाइजर मैग्ना की 500 मिलीलीटर की 21 कैन, किंगफिशर अल्ट्रा की 500 मिलीलीटर की 12 कैन, वुडवाइजर सुपर प्रीमियम की 500 मिलीलीटर की 17 कैन और किंगफिशर की 500 मिलीलीटर की आठ कैन बरामद की गईं।

आबकारी विभाग के मुताबिक बरामद बीयर में अधिकांश उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए अनुमन्य थी। इसके अलावा वुडवाइजर मैग्ना की 500 मिलीलीटर की सात कैन ऐसी भी बरामद हुईं, जिन पर हरियाणा राज्य में बिक्री के लिए मान्य होने का उल्लेख था। विभाग ने इसे आबकारी नियमों के उल्लंघन से जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। बरामद समस्त बीयर की कुल मात्रा 32.5 बल्क लीटर बताई गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी अब जब्त हो गई। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-126 नोएडा में संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं 60, 63 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। आबकारी विभाग ने साफ किया कि दूसरे राज्यों के लिए निर्धारित शराब को उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से खपाने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। बरामद बीयर की कीमत करीब 10 हजार रुपये है।
तड़के चार बजे से शुरू हुई वाहनों की सघन तलाशी
अवैध शराब की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सेक्टर-135 स्थित फार्म हाउस क्षेत्र में भी विशेष निगरानी अभियान चलाया। हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों पर नजर रखने के लिए तड़के चार बजे से वाहनों की तलाशी शुरू की गई। टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी जांच की और शराब के अवैध परिवहन की आशंका वाले मामलों में विशेष सतर्कता बरती। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विभाग की कार्रवाई केवल दिन के समय तक सीमित नहीं है। संवेदनशील क्षेत्रों में रात और तड़के भी टीमों को सक्रिय रखा गया है। उनका कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और दूसरे राज्यों से शराब लाकर जिले में खपाने की कोशिश किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग का पूरा ध्यान अवैध कारोबार की कड़ी निगरानी, त्वरित कार्रवाई और शराब के अवैध परिवहन की रोकथाम पर है।
‘रात के अंधेरे में भी बना रहेगा सख्त पहरा’
जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि आबकारी विभाग की टीमें पुलिस के साथ समन्वय बनाकर लगातार अभियान चला रही हैं। उनका कहना है कि शराब की अवैध बिक्री करने वाले लोग ग्राहकों तक पहुंचने के लिए नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए विभाग भी निगरानी की रणनीति लगातार मजबूत कर रहा है। ऑनलाइन माध्यम से मांग लेकर आसपास के क्षेत्रों में शराब पहुंचाने जैसी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले की सीमाओं और हरियाणा से जुडऩे वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रात के अंधेरे में भी टीमों का पहरा कायम है और तड़के होने वाली आवाजाही की भी जांच की जा रही है।
आबकारी विभाग की टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी करना नहीं, बल्कि अवैध शराब की आपूर्ति की पूरी कड़ी को तोडऩा है। इसके लिए क्षेत्रवार निगरानी, वाहनों की जांच और पुलिस के साथ संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। आबकारी विभाग की इस सख्त कार्यशैली से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

















